लखनऊ: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को स्वामी विवेकानंद युवा सशक्तिकरण योजना के तहत छात्रों को 50 हजार टैबलेट वितरित किए। इस योजना का उद्देश्य युवाओं को डिजिटल रूप से सशक्त बनाना और उन्हें शिक्षा, कौशल विकास तथा रोजगार से जुड़े अवसरों तक पहुंच उपलब्ध कराना है। लखनऊ में आयोजित कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने योजना के दूसरे चरण की शुरुआत की और कहा कि तकनीक युवाओं के भविष्य को बेहतर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि स्वामी विवेकानंद भारत के युवाओं के लिए आध्यात्मिक प्रेरणा के प्रतीक हैं। उन्होंने भारतीय संस्कृति और सनातन परंपराओं को वैश्विक मंच पर नई पहचान दिलाई। उन्होंने कहा कि टैबलेट केवल पढ़ाई का साधन नहीं, बल्कि युवाओं के कौशल विकास और सशक्तिकरण का महत्वपूर्ण माध्यम है।

इंफोसिस के 18 हजार से ज्यादा कोर्स मुफ्त मिलेंगे
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य सरकार ने इंफोसिस के साथ साझेदारी की है। इसके तहत छात्रों को टैबलेट पर 18 हजार से अधिक ऑनलाइन कोर्स की मुफ्त सुविधा मिलेगी। इन कोर्स में योग से लेकर आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) और डीप टेक जैसी आधुनिक तकनीकों से जुड़े विषय शामिल हैं।

उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को गणित के कैलकुलस और इंटीग्रेशन जैसे कठिन विषयों को समझने में भी इन डिजिटल संसाधनों से मदद मिलेगी। मुख्यमंत्री ने छात्रों से टैबलेट का उपयोग केवल मनोरंजन के लिए नहीं, बल्कि पढ़ाई और नई स्किल सीखने के लिए करने की अपील की।

एक ऐप पर मिलेंगी केंद्र और राज्य सरकार की योजनाएं
सीएम योगी ने टैबलेट में उपलब्ध युवा साथी ऐप की भी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इस ऐप के जरिए विद्यार्थियों को केंद्र और प्रदेश सरकार की युवाओं से जुड़ी विभिन्न योजनाओं की जानकारी एक ही प्लेटफॉर्म पर मिलेगी।

इसमें मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, प्रधानमंत्री इंटर्नशिप योजना, मुख्यमंत्री इंटर्नशिप योजना, सीएम युवा पहल और प्रधानमंत्री मुद्रा योजना जैसी योजनाएं शामिल हैं। इसके अलावा छात्रवृत्ति और रोजगार से जुड़ी सुविधाओं तक भी पहुंच बनाई जा सकेगी।

ब्राह्मोस मिसाइल का जिक्र कर वैज्ञानिकों की तारीफ की
अपने संबोधन के दौरान मुख्यमंत्री ने भारत की रक्षा क्षमताओं और तकनीकी उपलब्धियों का भी जिक्र किया। उन्होंने ब्राह्मोस मिसाइल की तारीफ करते हुए इसे भारतीय वैज्ञानिकों की क्षमता का उदाहरण बताया। उन्होंने कहा कि देश का मजबूत सुरक्षा वातावरण निवेश को आकर्षित करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।

यूपी में 50 लाख करोड़ के निवेश प्रस्ताव मिलने का दावा
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश में बेहतर कानून-व्यवस्था और औद्योगिक विकास का जिक्र करते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश में निवेश का माहौल बदला है। उन्होंने दावा किया कि पिछली सरकारों के समय उद्यमी प्रदेश में निवेश करने से कतराते थे और निवेश सम्मेलन दिल्ली में आयोजित करने पड़ते थे, जबकि अब यूपी में होने वाले निवेश सम्मेलनों में 50 लाख करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव मिल रहे हैं।

उन्होंने कहा कि प्रदेश की औद्योगिक इकाइयों में 65 लाख युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराया जा रहा है। इसके अलावा पारंपरिक उद्यमों सहित 96 लाख एमएसएमई इकाइयां दोबारा संचालित हो रही हैं, जिनके माध्यम से तीन करोड़ से अधिक लोगों को रोजगार मिल रहा है।

25 दिसंबर 2021 को शुरू हुई थी योजना
मुख्यमंत्री ने बताया कि स्वामी विवेकानंद युवा सशक्तिकरण योजना की शुरुआत 25 दिसंबर 2021 को पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती के अवसर पर की गई थी। इसका उद्देश्य विद्यार्थियों को डिजिटल संसाधन उपलब्ध कराकर उनकी शिक्षा, कौशल विकास और भविष्य में रोजगार की संभावनाओं को मजबूत करना है। 

और पढ़ें: पंजाब में कांग्रेस का एंटी-ड्रग मैराथन के साथ 'नशा छोड़ो, भारत जोड़ो' अभियान शुरू