नई दिल्ली: कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी की नई किताब 'Belonging: A Journey of Love' इन दिनों राजनीतिक चर्चा का विषय बनी हुई है। 10 नवंबर को रिलीज हुई इस किताब में सोनिया गांधी ने अपने राजनीतिक सफर, गांधी परिवार, कांग्रेस और बीजेपी के साथ अपने संबंधों को लेकर कई बातें लिखी हैं। इस किताब में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लेकर सोनिया गांधी ने अपनी राजनीतिक और वैचारिक असहमति विस्तार से रखी है। 

PM मोदी और सोनिया गांधी की विचारधाराएं बिल्कुल अलग

इस पुस्तक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लेकर सोनिया गांधी ने लिखा है कि दोनों की विचारधाराएं बिल्कुल अलग हैं। उन्होंने कहा कि मोदी से उनका व्यक्तिगत संपर्क बेहद सीमित रहा है। संसद के औपचारिक कार्यक्रमों में मुलाकात होने पर दोनों एक-दूसरे का अभिवादन करते हैं, लेकिन उनके बीच कभी कोई सार्थक बातचीत नहीं हुई। इस संदर्भ में सोनिया गांधी ने मोदी की राजनीतिक विचारधारा को लेकर भी सवाल उठाए हैं। सोनिया गांधी के मुताबिक, मोदी के भारत को देखने का नजरिया उनके अपने विचारों से बिल्कुल अलग है। 

PM मोदी के भाषणों में रैलियों जैसी भाषा देखने को मिलती है

सोनिया गांधी ने अपनी किताब में समावेशिता, धर्मनिरपेक्षता और सामाजिक न्याय को भारत की बुनियादी पहचान बताया है। इसके साथ ही सोनिया गांधी ने यह भी लिखा कि प्रधानमंत्री मोदी संसद में कई बार विपक्ष पर तीखी टिप्पणियां करते हैं और उनके भाषणों में रैलियों जैसी भाषा देखने को मिलती है। सोनिया गांधी ने अपने किताब में RSS और BJP की विचारधारा पर भी गंभीर सवाल उठाए हैं। उनका यह आरोप है कि मौजूदा राजनीतिक दिशा देश की विविधता और लोकतांत्रिक संस्थाओं को प्रभावित कर रही है। ये सोनिया गांधी के अपने राजनीतिक विचार और आरोप हैं।

अमित शाह राजनीति का सबसे खतरनाक खिलाड़ी: सोनिया गांधी

इस पुस्तक को पढ़ने वालों का कहाना है कि सोनिया ने अमित शाह पर किताब में एक छोटा लेकिन सबसे तीखा चैप्टर लिखा है। वो लिखती हैं कि मोदी को वो विरोधी मानती हैं, लेकिन शाह को वो राजनीति का सबसे खतरनाक खिलाड़ी मानती हैं। पहली बार जब उन्होंने शाह का नाम सुना तो उन्हें लगा था कि ये सिर्फ मोदी के पीछे चलने वाला आदमी है। लेकिन बाद में जब उन्होंने शाह को चुनाव जीतते देखा तो उन्हें समझ आया कि असली चुनाव तो शाह ही लड़ते हैं, मोदी तो सिर्फ चेहरा हैं।

शाह हमेशा पर्दे के पीछे से खेलते हैं कभी सामने नहीं आते

सोनिया लिखती हैं कि शाह की राजनीति को समझना बहुत मुश्किल है, क्योंकि वो कभी सामने नहीं आते, वो हमेशा पर्दे के पीछे से खेल खेलते हैं। उन्होंने लिखा है, मोदी भाषण देते हैं, शाह संगठन बनाते हैं। सोनिया आगे लिखती हैं कि एक बार संसद में शाह उनसे मिले थे। शाह ने कहा था, सोनिया जी, आपने बहुत लंबी पारी खेली है। उन्होंने उस दिन शाह को जवाब दिया था, पारी अभी खत्म नहीं हुई है, शाह जी। उस दिन शाह हंस दिए थे, और कहा था...यही तो मैं चाहता हूं, लड़ाई मजा तभी आता है जब सामने वाला मजबूत हो।

सोनिया ने किताब में एक और बड़ा खुलासा किया है

सोनिया ने किताब में एक और बड़ा खुलासा किया है। वो लिखती हैं कि जब कश्मीर से धारा 370 हटाई गई तो वो पूरी रात सो नहीं पाईं थीं। उन्हें लगा था कि ये फैसला देश को तोड़ देगा। लेकिन अगले दिन जब शाह ने संसद में पूरी ताकत से उस फैसले का बचाव किया तो सोनिया लिखती हैं कि उन्हें लगा था कि ये आदमी डरता नहीं है। वो लिखती हैं कि मुझे शाह के फैसले से असहमति है, लेकिन उनकी हिम्मत से इनकार नहीं कर सकती। सोनिया लिखती हैं, मोदी दिल जीतते हैं, शाह चुनाव जीतते हैं।

किताब को लेकर बीजेपी और कांग्रेस के बीच भी बयानबाजी तेज

इस किताब के सामने आने के बाद बीजेपी और कांग्रेस के बीच भी बयानबाजी देखने को मिल रही है। भाजपा ने किताब को लेकर सोनिया गांधी पर इतिहास को अपने पक्ष में पेश करने का आरोप लगाया है, जबकि कांग्रेस ने BJP की प्रतिक्रिया को राजनीतिक आलोचना बताया है। हालांकि, Scroll की 11 नवंबर 2026 की रिपोर्ट के मुताबिक, किताब में अमित शाह पर कोई छोटा या तीखा चैप्टर होने की पुष्टि नहीं मिली है।