नई दिल्ली: देश के अलग-अलग हिस्सों में मौसम का मिजाज बदल रहा है। कहीं बारिश और पहाड़ों पर बर्फबारी की संभावना है तो कहीं सुबह के समय घना कोहरा लोगों की परेशानी बढ़ा सकता है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के मुताबिक, रविवार यानी 15 नवंबर को उत्तर-पश्चिम भारत के कई इलाकों में हल्की बारिश हो सकती है। वहीं, दक्षिण-पूर्वी बंगाल की खाड़ी में बना कम दबाव का क्षेत्र अगले कुछ दिनों में चक्रवाती तूफान का रूप ले सकता है।

मौसम विभाग के अनुसार, पश्चिमी विक्षोभ के असर से जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में बारिश और बर्फबारी की संभावना है। दूसरी तरफ दिल्ली, हरियाणा, पंजाब, राजस्थान और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश हो सकती है। ऐसे में कई राज्यों में मौसम का मिजाज बदलने के आसार हैं।

दिल्ली-NCR और यूपी में कैसा रहेगा मौसम?

राजधानी दिल्ली में रविवार को आसमान में बादल छाए रह सकते हैं। सुबह के समय कई जगह धुंध या हल्का कोहरा देखने को मिल सकता है। मौसम विभाग ने सुबह से दोपहर के बीच कुछ स्थानों पर बहुत हल्की बारिश या बूंदाबांदी की संभावना जताई है। दिल्ली में अधिकतम तापमान 25 से 27 डिग्री और न्यूनतम तापमान 16 से 18 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है। उत्तर प्रदेश की बात करें तो पश्चिमी हिस्सों में रविवार को कहीं-कहीं हल्की बारिश हो सकती है। वहीं पूर्वी उत्तर प्रदेश में फिलहाल बारिश का अनुमान नहीं है। हालांकि, कोहरे को लेकर सतर्क रहने की जरूरत है। मौसम विभाग ने पश्चिमी यूपी में 17 नवंबर तक और पूर्वी यूपी में 16 से 17 नवंबर के दौरान कुछ स्थानों पर घना कोहरा छाने की संभावना जताई है।

पहाड़ी राज्यों में बारिश और बर्फबारी के आसार

जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में पश्चिमी विक्षोभ का असर देखने को मिल सकता है। इन इलाकों में कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी की संभावना है। उत्तराखंड में रविवार को कुछ जगहों पर 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। वहीं राजस्थान के पूर्वी और पश्चिमी हिस्सों में कहीं-कहीं गरज-चमक और बिजली गिरने के साथ तेज हवाएं चलने का अनुमान है।

दक्षिण भारत में बारिश का सिलसिला जारी

दक्षिण भारत के कुछ राज्यों में अगले कई दिनों तक बारिश की गतिविधियां जारी रह सकती हैं। मौसम विभाग ने तमिलनाडु, पुडुचेरी और केरल में 14 से 20 नवंबर के बीच अलग-अलग स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई है। आंध्र प्रदेश के तटीय इलाकों में 17 और 18 नवंबर को बारिश हो सकती है। इसके बाद 19 नवंबर को यहां कई स्थानों पर बारिश का अनुमान है। उत्तरी तटीय आंध्र प्रदेश में 18 और 20 नवंबर को भारी बारिश की आशंका है। 19 नवंबर को कुछ स्थानों पर बहुत भारी बारिश भी हो सकती है।

बंगाल की खाड़ी में चक्रवाती तूफान बनने की आशंका

मौसम विभाग के मुताबिक, दक्षिण-पूर्वी बंगाल की खाड़ी के ऊपर बना कम दबाव का क्षेत्र मजबूत होकर स्पष्ट कम दबाव के क्षेत्र में बदल चुका है। इसके अगले 24 घंटों में डिप्रेशन बनने की संभावना है। इसके बाद यह सिस्टम उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ते हुए 16 नवंबर की शाम तक दक्षिण और उससे सटे पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी के ऊपर चक्रवाती तूफान का रूप ले सकता है। अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में 14 से 16 नवंबर के बीच कुछ स्थानों पर भारी बारिश की संभावना है। यहां 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं भी चल सकती हैं। मौसम विभाग ने समुद्र में खराब परिस्थितियों को देखते हुए मछुआरों को 15 नवंबर तक तट पर लौटने और चेतावनी वाले समुद्री क्षेत्रों में नहीं जाने की सलाह दी है।

इन राज्यों में फिलहाल मौसम रहेगा सामान्य

IMD के पूर्वानुमान के मुताबिक, पश्चिमी, मध्य और पूर्वोत्तर भारत के बड़े हिस्सों में अगले एक सप्ताह के दौरान किसी बड़े मौसमी बदलाव की संभावना नहीं है। मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, गुजरात और महाराष्ट्र के अधिकांश हिस्सों में मौसम शुष्क रह सकता है। हालांकि, पूर्वोत्तर के कुछ इलाकों में अलग-अलग दिनों में हल्की बारिश हो सकती है।