Air Pollution Safety: दिल्ली-एनसीआर में बढ़ता वायु प्रदूषण लोगों की सेहत के लिए चिंता का विषय बना हुआ है। खासकर सुबह और शाम के समय हवा में मौजूद धूल और प्रदूषण के बारीक कण सांस लेने में परेशानी, आंखों में जलन, गले में खराश और खांसी जैसी समस्याएं पैदा कर सकते हैं। ऐसे में अगर आपको ऑफिस, कॉलेज या किसी जरूरी काम से रोजाना घर से बाहर निकलना पड़ता है, तो कुछ जरूरी चीजें अपने बैग में जरूर रखनी चाहिए। ये चीजें प्रदूषण के संपर्क में आने से होने वाली परेशानियों को कम करने में मदद कर सकती हैं।
N95 मास्क रखना न भूलें
प्रदूषण से बचाव के लिए बैग में सबसे पहले N95 मास्क रखें। यह हवा में मौजूद PM2.5 जैसे बारीक प्रदूषित कणों को फिल्टर करने में मदद करता है। ध्यान रखें कि मास्क चेहरे पर अच्छी तरह फिट होना चाहिए, ताकि किनारों से प्रदूषित हवा अंदर न जा सके। इसके अलावा, एक एक्स्ट्रा मास्क भी साथ रखें, जिससे जरूरत पड़ने पर इसे बदला जा सके।
पानी की बोतल जरूर रखें
प्रदूषण के कारण गले में सूखापन, खराश और खांसी की परेशानी हो सकती है। ऐसे में अपने साथ पानी की बोतल रखें और समय-समय पर पानी पीते रहें। इससे शरीर हाइड्रेटेड रहेगा और गले के सूखेपन से राहत मिल सकती है।
धूप का चश्मा और आई ड्रॉप्स
प्रदूषित हवा आंखों में जलन, खुजली और लालिमा की वजह बन सकती है। इससे बचने के लिए बैग में धूप का चश्मा रखें। अगर आंखों में सूखापन रहता है, तो डॉक्टर या फार्मासिस्ट की सलाह से लुब्रिकेटिंग आई ड्रॉप्स भी साथ रख सकते हैं।
जरूरी दवाएं और इनहेलर
अगर आपको अस्थमा या सांस से जुड़ी कोई बीमारी है, तो डॉक्टर द्वारा बताया गया इनहेलर और जरूरी दवाएं हमेशा अपने पास रखें। नाक में सूखापन या जलन होने पर सेलाइन नेजल स्प्रे भी मददगार हो सकता है। हालांकि, इसका इस्तेमाल करने से पहले विशेषज्ञ की सलाह जरूर लें।
वेट वाइप्स और सैनिटाइजर
बाहर रहने के दौरान हाथों और चेहरे पर धूल-मिट्टी जमा हो सकती है। ऐसे में बैग में वेट वाइप्स और सैनिटाइजर रखना फायदेमंद है। इनकी मदद से आप जरूरत पड़ने पर हाथ साफ कर सकते हैं। चेहरे को साफ करने के लिए साफ पानी का इस्तेमाल करना बेहतर है।
प्रदूषण के दौरान सावधानी बरतना बेहद जरूरी है। संभव हो तो ज्यादा प्रदूषण वाले समय में बाहर निकलने से बचें और बाहर जाते समय सही फिटिंग वाला मास्क पहनें। सांस लेने में ज्यादा परेशानी होने पर डॉक्टर से संपर्क करें।
ये भी पढ़ें: शुगर बढ़ने से कैसे हो सकती है मौत? जानिए मौत की असली वजह और चेतावनी के संकेत