सोशल मीडिया पर किसी अनजान व्यक्ति से दोस्ती करते समय कितनी सावधानी जरूरी है, इसका एक गंभीर मामला ब्रिटेन से सामने आया है। यहां भारतीय मूल के 27 वर्षीय छात्र बिलाल काजी को 70 नाबालिग लड़कियों को ऑनलाइन अपने जाल में फंसाने और बाद में ब्लैकमेल करने के मामले में 30 साल जेल की सजा सुनाई गई है। आरोपी सोशल मीडिया पर खुद को 14 साल का ब्रिटिश लड़का बताता था। दोस्ती और प्यार का भरोसा जीतने के बाद वह लड़कियों से निजी तस्वीरें और वीडियो हासिल करता था। फिर इन्हीं के जरिए उन्हें धमकाकर अपनी मांगें पूरी करवाता था।

बिलाल काजी यूनिवर्सिटी ऑफ चेस्टर में पढ़ाई कर रहा था। उसने 13 नवंबर को चेस्टर क्राउन कोर्ट में अपने खिलाफ दर्ज 37 आरोप स्वीकार कर लिए। इनमें बच्चों की अश्लील तस्वीरें बनाने, ब्लैकमेल करने और बच्चों को यौन गतिविधियों के लिए मजबूर करने जैसे गंभीर अपराध शामिल थे।

'रीस' नाम से बनाता था फर्जी पहचान

जांच एजेंसियों के मुताबिक, बिलाल अगस्त 2021 से अगस्त 2025 तक ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर लड़कियों को निशाना बना रहा था। इसके लिए वह Snapchat, Roblox और Wink जैसे सोशल मीडिया और गेमिंग प्लेटफॉर्म पर 'रीस' नाम से अकाउंट बनाता था। इन अकाउंट के जरिए वह खुद को 14 साल का गोरा ब्रिटिश लड़का बताता था। अपनी फर्जी पहचान को असली दिखाने के लिए उसने एक अनजान किशोर की तस्वीरों का इस्तेमाल भी किया। धीरे-धीरे वह लड़कियों से दोस्ती करता और फिर उनसे निजी तस्वीरें व वीडियो मांगने लगता था। अगर कोई लड़की ऐसा करने से मना करती तो वह भावनात्मक दबाव बनाता था। वह उन्हें यह भरोसा दिलाने की कोशिश करता कि प्यार करने वाले लोग एक-दूसरे के साथ ऐसी तस्वीरें साझा करते हैं।

13 साल की लड़की की शिकायत से शुरू हुई जांच

इस पूरे मामले का खुलासा नवंबर 2021 में हुआ, जब 13 साल की एक लड़की ने पुलिस से शिकायत की। लड़की ने बताया कि Snapchat पर उसकी एक लड़के से दोस्ती हुई थी। वह उसे अपनी उम्र का समझ रही थी, लेकिन बातचीत के दौरान वह उससे निजी तस्वीरें मांगने लगा। लड़की के इनकार करने पर आरोपी ने उसे गाली दी और धमकाना शुरू कर दिया। उसने पहले भेजी गई तस्वीरें दोस्तों तक पहुंचाने की धमकी दी। डर के कारण लड़की उसकी बात मानने को मजबूर होती रही। बाद में आरोपी ने उसका Snapchat अकाउंट हैक कर लिया और तस्वीरें उसके दोस्तों को भेज दीं। इस शिकायत के बाद पुलिस ने जांच शुरू की। जांच के दौरान बिलाल के इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों से मिले यूजरनेम और अन्य डिजिटल जानकारी के आधार पर करीब 180 संभावित पीड़ितों का पता चला। इनमें से 70 लड़कियों की पहचान की गई। उनकी उम्र 11 से 17 साल के बीच थी। ये लड़कियां ब्रिटेन के 45 में से 28 पुलिस क्षेत्रों में रहती थीं।

एयरपोर्ट से पकड़ा गया था आरोपी

पुलिस ने बिलाल काजी को 21 जुलाई 2023 को हीथ्रो एयरपोर्ट से गिरफ्तार किया था। बताया गया कि वह इससे पहले ब्रिटेन छोड़ चुका था और वापस लौटने पर पुलिस के हत्थे चढ़ गया। 13 नवंबर को चेस्टर क्राउन कोर्ट में सजा सुनाते हुए जज स्टीफन एवरेट ने आरोपी के कृत्यों को बेहद गंभीर बताया। उन्होंने कहा कि बिलाल ने सोशल मीडिया का इस्तेमाल बच्चों को निशाना बनाने के लिए किया और उनके घरों में भी उनकी सुरक्षा की भावना को खत्म कर दिया। जज ने उसे बेहद खतरनाक व्यक्ति बताया। अदालत ने बिलाल को 30 साल जेल की सजा सुनाई है। वह कम से कम 20 साल जेल में बिताने के बाद ही पैरोल के लिए आवेदन कर सकेगा। इसके अलावा उसे जीवनभर यौन अपराधियों के रजिस्टर में रहना होगा। जेल से रिहाई के बाद भी उस पर आठ साल तक निगरानी और कानूनी पाबंदियां लागू रहेंगी।

यह भी पढ़ें: अमेरिका में एयर इंडिया की उड़ाने रद्द! यात्रियों के लिए एडवाइजरी जारी, जान ले फ्लाइट स्टेटस