मेरठ: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि किसी भी देश और समाज की प्रगति के लिए सुरक्षित वातावरण सबसे जरूरी है। जब देश सुरक्षित होता है, तभी विकास की रफ्तार आगे बढ़ती है। उन्होंने कहा कि सीमाओं पर तैनात जवान दिन-रात देश की रक्षा करते हैं, तभी देशवासी चैन की नींद सो पाते हैं।
सीएम योगी शनिवार को मेरठ कैंट क्षेत्र के कुलवंत सिंह स्टेडियम में आयोजित विशाल पूर्व सैनिक सम्मेलन एवं रैली को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने भारतीय सेना के जवानों के त्याग, समर्पण और राष्ट्रभक्ति को नमन किया। उन्होंने कहा कि सैनिक हर मोर्चे पर सबसे पहले देश की सुरक्षा के लिए खड़े रहते हैं।
सैनिक कभी रिटायर नहीं होता
मुख्यमंत्री ने पूर्व सैनिकों के सम्मान और उनके योगदान का जिक्र करते हुए कहा कि एक सैनिक कभी रिटायर नहीं होता। उसकी वर्दी बदल सकती है, लेकिन देश के प्रति उसका समर्पण और प्रतिबद्धता कभी नहीं बदलती।
उन्होंने कहा कि देश के नागरिक इसलिए निश्चिंत होकर सो पाते हैं, क्योंकि हमारे जवान सीमाओं पर जागकर पहरा देते हैं। सैनिकों का बलिदान ही देश में शांति और स्थिरता बनाए रखने की सबसे बड़ी ताकत है।
वीरता पुरस्कार विजेताओं की सम्मान राशि होगी दोगुनी
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उत्तर प्रदेश के वीरता पुरस्कार विजेताओं के लिए बड़ा ऐलान किया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार वीरता पुरस्कार पाने वाले सैनिकों को दी जाने वाली एकमुश्त राशि और वार्षिकी राशि, दोनों को दोगुना करेगी।
इस सम्मेलन में पश्चिमी उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों से हजारों पूर्व सैनिक, वीर नारियां और शहीद सैनिकों के परिवार शामिल हुए। सम्मेलन का उद्देश्य पूर्व सैनिकों की समस्याओं को सुनना और उनका समाधान सुनिश्चित करना भी था। इसमें पेंशन, बैंकिंग सुविधाओं और सेवानिवृत्ति के बाद रोजगार से जुड़ी समस्याओं पर चर्चा की गई।
मेरठ में कई कार्यक्रमों में शामिल होंगे सीएम योगी
पूर्व सैनिक सम्मेलन के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का मेरठ कैंट स्थित बैडमिंटन हॉल जाने का कार्यक्रम है। इसके बाद वह आरवीसी ग्राउंड से हेलीकॉप्टर के जरिए चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय पहुंचेंगे। यहां से वह सड़क मार्ग से शास्त्री नगर स्थित स्वतंत्र प्रभार राज्य मंत्री सोमेंद्र तोमर के आवास जाएंगे। वहां मुख्यमंत्री सोमेंद्र तोमर के दिवंगत पिता को श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे। इसके बाद वह चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय के हेलीपैड से हेलीकॉप्टर के जरिए अलीगढ़ के लिए रवाना होंगे।