India ODI Batting Collapse: न्यूजीलैंड के खिलाफ चौथे वनडे मैच में श्रेयस अय्यर की कप्तानी वाली टीम इंडिया सिर्फ 89 रन पर सिमट गई, जिसपर अब कई गंभीर सवाल उठ रहे हैं। शुक्रवार को बे ओवल में खेले गए चौथे मैच में मेजबानों ने इंडिया को जीत के लिए 334 रन का टारगेट दिया था, जिसके जवाब में भारतीय टीम सिर्फ 89 रन ही बना सकी और 244 रन से मैच हार गई।

इस शर्मनाक बैटिंग पर भारत के पूर्व सलामी बल्लेबाज ने बल्लेबाजों को फटकार लगाई, और जिम्मेदारी लेने की बात की। पूर्व खिलाड़ी के इस स्टेटमेंट ने भारतीय क्रिकेट में खलबली मचा दी है।

आपको और बेहतर होना होगा- आकाश

भारत के पूर्व सलामी बल्लेबाज और फेमस कमेंटेटर आकाश चोपड़ा ने चौथा वनडे गंवाने के बाद ESPNcricinfo पर इसकी समीक्षा की और कहा, 

"जैसा कि गौतम गंभीर ने मैच के बाद कहा, क्रिकेट के खेल में कोई भी ऐसी गेंद नहीं होती जिसे खेला न जा सके। हां, यह बहुत अच्छी बॉलिंग थी, लेकिन आपको और बेहतर होने की जरूरत है। और इसे इसी तरह से देखा जा सकता है। आप पूरी तरह से हार नहीं मान सकते। आपको कोई रास्ता निकालना होगा। बस यह इतनी जल्दी हुआ कि आपके पास सच में ठीक होने, फिर से इकट्ठा होने, फिर से आंकलन करने और अलग तरह से खेलने का समय नहीं था।" वहीं, शुक्रवार को पत्रकार वार्ता में हेड कोच गौतम गंभीर ने भारतीय बल्लेबाजों को फटकार लगाई थी। 

आकाश ने की हेनरी की तारीफ

पूर्व ओपनर आकाश चोपड़ा ने न्यूजीलैंड के तेज गेंदबाज मैट हेनरी की खूब तारीफ की। इस मैच में हेनरी ने 9.4 ओवर की गेंदबाजी की और 27 रन देकर 6 बल्लेबाजों को अपना शिकार बनाया। इस मैच के बाद उन्होंने कहा,

"वह (मैट हेनरी) टी20आई में उतने खतरनाक नहीं दिखे। लेकिन जैसे ही फॉर्मेट लंबा होता है, दो नई गेंदें होती हैं, और सतह थोड़ी ढीली होती है, तब मैट हेनरी एक ऐसे बॉलर बन जाते हैं जिनके लिए शुरुआत में नई गेंद से निपटना बहुत मुश्किल होता है। जब आप गेंद को उनके हाथ से निकलते हुए देखते हैं, तो पिच होने के बाद यह किस तरफ जाएगी, इसका कोई इशारा नहीं मिलता।" 

हेनरी ने चौथे वनडे के पहले ओवर में भारत के तीन स्टार को चलता किया था। इसमें रोहित, विराट और कार्यवाहक कप्तान श्रेयस अय्यर बिना खाता खोले आउट हुए थे।

गंभीर ने भी उठाए थे सवाल

भारतीय टीम के मुख्य कोच गौतम गंभीर ने भी टीम इंडिया की लचर बल्लेबाजी पर सवाल उठाए थे। मैच के बाद गंभीर ने कहा, "इसे दबाने का कोई फायदा नहीं है। यह सिर्फ इस मैच की बात नहीं है। पिछले मैच में भी, हम 111 या 112 पर सात विकेट गंवा चुके थे। आज हम हार गए, इसलिए हम इस बारे में बात कर रहे हैं।" 

उन्होंने आगे कहा, "हां, यह एक बहुत बड़ी हार है, इसमें कोई शक नहीं, लेकिन पिछले मैच में भी, अगर आप 135 रन का पीछा कर रहे हैं, और आपको 111 पर सात विकेट मिल जाते हैं, तो जाहिर है यह थोड़ी चिंता की बात है, क्योंकि हां, यहां गेंदबाजों के लिए कुछ मदद है, इसलिए हमें न सिर्फ दिमागी तौर पर बल्कि स्किल के नजरिए से भी तैयार रहना होगा।"

ये भी पढ़ें- हैदराबाद के खिलाफ आया सूर्यकुमार यादव का तूफान, 15 गेंदों में फिफ्टी ठोककर श्रेयस के लिए खड़ी की मुसीबत!