आज के समय में हमारी जिंदगी का बड़ा हिस्सा इंटरनेट पर निर्भर है। बैंकिंग से लेकर सोशल मीडिया, ईमेल और सरकारी कामों तक हर जगह हमारी निजी जानकारी डिजिटल रूप में मौजूद है। ऐसे में अगर करोड़ों लोगों का डेटा एक साथ लीक हो जाए, तो यह बड़ी चिंता का विषय बन जाता है। हाल ही में दो असुरक्षित डेटाबेस में 350 करोड़ से ज्यादा रिकॉर्ड मिलने का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि इनमें पासवर्ड, ईमेल आईडी, मोबाइल नंबर, सरकारी पहचान से जुड़ी जानकारी और कई जरूरी दस्तावेज शामिल हैं। इस खुलासे ने दुनियाभर में डेटा की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।
क्या आपका पासवर्ड भी हो सकता है लीक?
इस मामले में सबसे ज्यादा चिंता लॉगिन डिटेल्स को लेकर है। सामने आई जानकारी के मुताबिक, डेटाबेस में कई देशों के लोगों के ईमेल, यूजरनेम, पासवर्ड और फोन नंबर मौजूद थे। हालांकि, अभी यह स्पष्ट नहीं है कि किन लोगों का डेटा लीक हुआ है और कितने यूजर्स सीधे तौर पर प्रभावित हुए हैं। इसलिए यह कहना मुश्किल है कि आपका अकाउंट भी इस लीक का हिस्सा है या नहीं।
एक डेटाबेस में मिले 200 करोड़ लॉगिन रिकॉर्ड
रिपोर्ट के मुताबिक, पहले डेटाबेस में करीब 2 अरब लॉगिन से जुड़ी जानकारियां मिली हैं। इनमें ईमेल आईडी, यूजरनेम, पासवर्ड, कुकीज, सेशन टोकन और डिवाइस की जानकारी शामिल थी। इस डेटाबेस में 8 हजार से ज्यादा फोल्डर मौजूद थे। हैरानी की बात यह है कि कई फोल्डर में पासवर्ड और दूसरी जानकारियां बिना एन्क्रिप्शन के रखी गई थीं। यानी उन्हें सामान्य टेक्स्ट के रूप में देखा जा सकता था। इन फोल्डर्स को अमेरिका, ब्रिटेन, फ्रांस और जर्मनी जैसे देशों के नाम से अलग-अलग रखा गया था।
सोशल मीडिया और सरकारी ईमेल की जानकारी भी शामिल
इस डेटा में सिर्फ आम लोगों के अकाउंट ही नहीं, बल्कि .gov, .edu और .org जैसे डोमेन वाले ईमेल एड्रेस भी मिले। इसके अलावा सोशल मीडिया और ऑनलाइन शॉपिंग प्लेटफॉर्म से जुड़े करोड़ों अकाउंट की जानकारी भी सामने आई।
रिपोर्ट में 4 लाख से ज्यादा ऐसी फाइलों का भी जिक्र है, जिन्हें एडवांस्ड मैलवेयर से जुड़ा बताया गया है। माना जा रहा है कि ये जानकारियां लोगों के निजी डिवाइस से इकट्ठा की गई थीं। इस वजह से मामला और भी गंभीर हो जाता है।
दूसरे डेटाबेस में मिले सरकारी दस्तावेज और मोबाइल नंबर
दूसरा मामला एक अलग डेटाबेस से जुड़ा है। इसमें 160 करोड़ से ज्यादा दस्तावेज और रिकॉर्ड मिलने की बात कही गई है। इनमें 80 करोड़ से ज्यादा सरकारी पहचान से जुड़े नंबर, 30 करोड़ मोबाइल नंबर, 1 करोड़ से ज्यादा छात्रों के एडमिशन रिकॉर्ड और करीब 80 लाख कंपनियों के रजिस्ट्रेशन से जुड़ी जानकारियां शामिल हैं।
रिपोर्ट के अनुसार, इस डेटाबेस में ज्यादातर जानकारी चीन के नागरिकों और वहां के कारोबार से संबंधित थी। इसमें बच्चों से लेकर ऐसे लोगों का डेटा भी मौजूद था, जिनकी मौत हो चुकी है, यानी इस लीक में सिर्फ जीवित लोगों की ही नहीं, बल्कि मृत व्यक्तियों की निजी जानकारी भी शामिल बताई गई है।
ये भी पढ़ें- Google Maps में बदल सकता है मैप का लुक, नए High-Visibility Mode पर चल रहा काम
अपने पासवर्ड और पर्सनल डेटा को कैसे बचाएं?
इस तरह के डेटा लीक से बचने के लिए कुछ छोटी-छोटी सावधानियां अपनाना जरूरी है। इससे आपके ऑनलाइन अकाउंट की सुरक्षा काफी हद तक बेहतर हो सकती है।
- हर अकाउंट के लिए अलग पासवर्ड रखें: एक ही पासवर्ड को ईमेल, सोशल मीडिया और बैंकिंग अकाउंट पर इस्तेमाल न करें।
- मजबूत पासवर्ड बनाएं: पासवर्ड में अक्षर, नंबर और खास सिंबल का इस्तेमाल करें।
- 2FA चालू रखें: टू-फैक्टर ऑथेंटिकेशन से पासवर्ड लीक होने के बाद भी अकाउंट को सुरक्षित रखने में मदद मिलती है।
- अनजान लिंक से बचें: ईमेल, SMS या सोशल मीडिया पर आए संदिग्ध लिंक पर क्लिक न करें।
- जरूरी दस्तावेज सोच-समझकर शेयर करें: आधार कार्ड, पैन कार्ड या दूसरे पहचान पत्र सिर्फ भरोसेमंद वेबसाइट और ऐप पर ही अपलोड करें।
- सिक्योरिटी अलर्ट पर ध्यान दें: अगर आपके अकाउंट में किसी अनजान डिवाइस से लॉगिन होता है या पासवर्ड बदलने का अलर्ट आता है, तो तुरंत जांच करें।
ध्यान रखें: डेटा लीक की खबर सामने आने का मतलब यह नहीं है कि हर व्यक्ति का अकाउंट प्रभावित हुआ है। फिर भी सावधानी बरतना जरूरी है। अगर आपको किसी अकाउंट पर संदिग्ध गतिविधि दिखाई देती है, तो तुरंत उसका पासवर्ड बदलें, सभी अनजान सेशन लॉगआउट करें और टू-फैक्टर ऑथेंटिकेशन चालू करें।