महाराष्ट्र के नागपुर में 19 साल की एक युवती के साथ दुष्कर्म का मामला सामने आया है। यह घटना सोनेगांव झील के पास एक सुनसान जंगल की बताई जा रही है। आरोप है कि एक युवक ने पहले युवती के प्रेमी के साथ मारपीट की और उसे वहां से भगा दिया। इसके बाद आरोपी ने युवती के साथ दुष्कर्म किया। इतना ही नहीं, उसने घटना का वीडियो भी बनाया और युवती का कीमती सामान लेकर फरार हो गया।

प्रेमी को पीटकर भगाया

जानकारी के मुताबिक, युवती अपने प्रेमी के साथ सोनेगांव झील के पास जंगल के एक सुनसान इलाके में मौजूद थी। इसी दौरान वहां एक अज्ञात युवक पहुंच गया। आरोप है कि उसने युवती के प्रेमी के साथ मारपीट की और उसे वहां से जाने पर मजबूर कर दिया। इसके बाद आरोपी ने युवती के साथ दुष्कर्म किया और उसका वीडियो बना लिया। जाते समय उसने वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी भी दी।

घटना के 24 घंटे बाद थाने पहुंची पीड़िता

घटना के करीब 24 घंटे बाद युवती अपने परिवार के साथ सोनेगांव पुलिस थाने पहुंची और शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामले की गंभीरता को देखते हुए सोनेगांव पुलिस और क्राइम ब्रांच की टीमें आरोपी की तलाश में जुटी हैं।

ये भी पढ़ें- रोहतक में कानून का खौफ खत्म! ढाबे पर बेखौफ बदमाशों ने बरसाईं गोलियां, चार युवकों की मौत

CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस

आरोपी की पहचान करने के लिए पुलिस आसपास के रास्तों पर लगे CCTV कैमरों की फुटेज की जांच कर रही है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि आरोपी किस रास्ते से जंगल में आया और वारदात के बाद कहां फरार हुआ। नागपुर क्राइम ब्रांच के डीसीपी दीपक अग्रवाल के मुताबिक, इस घटना को एक ही आरोपी ने अंजाम दिया है।

जानकारी के मुताबिक पुलिस ने संदिग्ध आरोपी का स्केच भी जारी किया है। इसके जरिए उसकी पहचान करने की कोशिश की जा रही है। फिलहाल पुलिस की कई टीमें आरोपी की तलाश में जुटी हैं।