UP Voter List 2027: उत्तर प्रदेश में मतदाता सूची को दुरुस्त करने के लिए चल रहे विशेष पुनरीक्षण अभियान के दौरान लापरवाही बरतना चुनाव कर्मचारियों को भारी पड़ सकता है। वोटर लिस्ट में गंभीर गड़बड़ी मिलने पर बूथ लेवल ऑफिसर (BLO) से लेकर चुनावी अधिकारियों तक का मानदेय काटा जा सकता है। उत्तर प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने इस संबंध में सभी जिला निर्वाचन अधिकारियों को सख्त निर्देश जारी किए हैं। उन्होंने साफ किया है कि मतदाता सूची तैयार करने और उसमें सुधार के काम में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

निर्वाचन विभाग के मुताबिक, विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2027 (Special Summary Revision-2027) के तहत मतदाता सूची में नाम जोड़ने, हटाने और गलतियों को सुधारने के लिए 17 नवंबर से 16 दिसंबर 2026 तक दावे और आपत्तियां दर्ज की जाएंगी। इस पूरी प्रक्रिया के दौरान अधिकारियों और कर्मचारियों के कामकाज की निगरानी होगी।

BLO की गलती पर एक महीने तक का मानदेय कट सकता है

मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने कहा है कि अगर किसी BLO की लापरवाही से मतदाता सूची में गंभीर गलतियां मिलती हैं तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। इसमें एक महीने तक का मानदेय काटने का प्रावधान रखा गया है। कटौती गलतियों की संख्या और उनकी गंभीरता के आधार पर तय होगी। इन गलतियों में एक ही मतदाता का नाम दो जगह दर्ज होना, नाम और उम्र में गड़बड़ी, गलत पता, लिंग संबंधी त्रुटियां और किसी पात्र मतदाता का नाम गलत तरीके से जोड़ना या हटाना शामिल है। BLO के काम का आकलन 17 नवंबर से 16 दिसंबर के बीच किया जाएगा। इस दौरान फील्ड वेरिफिकेशन और फॉर्म की जांच में लापरवाही मिलने पर संबंधित कर्मचारी की जिम्मेदारी तय होगी।

BLO सुपरवाइजर भी नहीं बचेंगे, ERO-AERO पर भी कार्रवाई

इस बार केवल BLO ही नहीं, बल्कि उनके काम की निगरानी करने वाले सुपरवाइजरों को भी जवाबदेह बनाया गया है। अगर किसी परिवार के सदस्यों के नाम अलग-अलग मतदान केंद्रों या मतदाता सूची के अलग-अलग हिस्सों में दर्ज पाए जाते हैं और इसकी वजह पर्यवेक्षण में लापरवाही होती है, तो संबंधित सुपरवाइजर का भी एक महीने तक का मानदेय काटा जा सकता है। वहीं निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी (ERO) और सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी (AERO) के काम की जांच 7 नवंबर 2026 से 4 जनवरी 2027 तक की जाएगी। यह अवधि मतदाता सूची को अंतिम रूप देने तक की है।

गलतियां पकड़ने वाले नागरिकों को मिलेगा सम्मान

निर्वाचन विभाग ने मतदाता सूची को सही बनाने के लिए आम लोगों की भागीदारी बढ़ाने पर भी जोर दिया है। नागरिकों को वोटर लिस्ट में वास्तविक गलतियां खोजने और उनकी जानकारी संबंधित अधिकारियों तक पहुंचाने के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा। निर्देशों के मुताबिक, जांच के बाद सबसे ज्यादा वास्तविक गलतियां बताने वाले नागरिकों को जिला निर्वाचन अधिकारियों की ओर से सम्मानित और पुरस्कृत भी किया जाएगा।

4 जनवरी 2027 को प्रकाशित होगी अंतिम मतदाता सूची

मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने सभी जिला निर्वाचन अधिकारियों को नियमित रूप से मतदाता सूची की गुणवत्ता जांचने का निर्देश दिया है। उनका कहना है कि हर गंभीर गलती के लिए जिम्मेदार कर्मचारी या अधिकारी की पहचान की जाए और नियमों के अनुसार कार्रवाई हो। निर्वाचन विभाग का लक्ष्य 4 जनवरी 2027 को अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित करने तक उसे सही और अपडेट रखना है। ऐसे में आने वाले दिनों में BLO और अन्य चुनावी कर्मचारियों पर काम का दबाव बढ़ सकता है। विभाग ने साफ कर दिया है कि मतदाता सूची में गड़बड़ी मिलने पर जिम्मेदारी तय होगी और लापरवाही करने वालों को कार्रवाई का सामना करना पड़ेगा।

यह भी पढ़ें: सपा-कांग्रेस गठबंधन में सीटों पर जल्द बनेगी बात? राजेंद्र पाल गौतम ने बताई तारीख