Vande Bharat Sleeper Train: हर साल दिवाली और छठ पर्व को लेकर लाखों लोग अपने घर की तरफ रवाना होते हैं। ऐसे में कुछ लोग बसों से सफर करते हैं, तो वही लंबी यात्रा के लिए लोग पहले से ही ट्रेन की टिकट बुक करा लेते हैं। त्योहारों के सीजन में भारतीय रेलवे पर सबसे ज्यादा दबाव पड़ता है। स्थिति ऐसी होती है कि ट्रेनें गंतव्य तक पहुंचने से पहले ही ठसाठस भर जाती हैं। इसी स्थिति से निपटने के लिए इस बार रेलवे यात्रियों के बढ़ते दबाव को संतुलित करने के लिए खास योजना बना रहा है। तो चलिए आपको बताते हैं कि रेलवे की स्पेशल ट्रेन को लेकर क्या है खास योजना?

रेलवे करेगा यात्रियों की परेशानी खत्म

छठ पूजा के दौरान दिल्ली, मुंबई, गुजरात और देश के दूसरे हिस्सों में रहने वाले बड़ी संख्या में लोग बिहार और पूर्वी उत्तर प्रदेश की ओर जाते हैं। ऐसे में रेलवे स्टेशनों पर भीड़ बढ़ने के साथ ट्रेनों में सीटों की मांग भी काफी बढ़ जाती है।

दिवाली से लेकर छठ तक ट्रेनों में लंबी वेटिंग लिस्ट आम बात हो जाती है। ऐसे यात्रियों की सुविधा के लिए रेलवे अलग-अलग रूट पर स्पेशल ट्रेनें चलाता है। इस बार भी रेलवे ने त्योहारों के दौरान अतिरिक्त ट्रेनों की तैयारी शुरू की है। दिल्ली-वाराणसी रूट पर प्रस्तावित स्लीपर वंदे भारत भी इसी तैयारी का हिस्सा मानी जा रही है।

सजदे में बैठे नमाजी, पाकिस्तान में मस्जिद पर हुआ आत्मघाती हमला... मारे गए 20 से ज्यादा सुरक्षाकर्मी

राजधानी-दुरंतो जैसी ट्रेनों से 2 कदम आगे

दिल्ली और वाराणसी के बीच प्रस्तावित स्लीपर वंदे भारत को रात की लंबी दूरी की यात्रा को ध्यान में रखकर तैयार किया जा रहा है। स्लीपर वंदे भारत में यात्रियों को आरामदायक सीटिंग की जगह सोने के लिए बर्थ और आधुनिक यात्री सुविधाएं मिलेंगी।

वंदे भारत स्लीपर ट्रेन को लंबी दूरी की तेज रफ्तार यात्रा के लिए तैयार किया गया है। ऐसे में राजधानी और दुरंतो जैसी प्रीमियम ट्रेनों के मुकाबले इसमें आधुनिक सुविधाओं के साथ तेज रफ्तार का विकल्प भी मिल सकता है। यही वजह है कि इसे लंबी दूरी की रेल यात्रा के लिए अहम ट्रेन माना जा रहा है।

अभी से हुआ है आधिकारिक ऐलान

नई दिल्ली और वाराणसी के बीच दूसरी स्लीपर वंदे भारत एक्सप्रेस चलाने की योजना बनाई जा रही है। प्रस्तावित ट्रेन रात के समय चलेगी और प्रयागराज तथा कानपुर के रास्ते वाराणसी से नई दिल्ली के बीच सफर करेगी।

रेलवे अधिकारियों की ओर से दी गई जानकारी के मुताबिक, ट्रेन का ट्रायल रन इसी महीने किए जाने की योजना है। इसके बाद जरूरी परिचालन मंजूरियां मिलने पर दिवाली से पहले नियमित सेवा शुरू करने का लक्ष्य रखा गया है। हालांकि, ट्रेन के नियमित संचालन से जुड़ी अंतिम जानकारी रेलवे बोर्ड की ओर से जारी की जानी बाकी है।

तेलंगाना में दर्दनाक सड़क हादसा: इनोवा कार दुर्घटनाग्रस्त; 4 लोगों की मौत, 1 घायल

बिहार वालों के लिए बड़ी राहत

दिल्ली से वाराणसी के बीच स्लीपर वंदे भारत शुरू होने से पूर्वी उत्तर प्रदेश के साथ बिहार जाने वाले यात्रियों को भी फायदा मिल सकता है। वाराणसी पूर्वांचल और बिहार के कई हिस्सों के लिए प्रमुख रेल कनेक्टिविटी वाला स्टेशन है।

रात 9:20 बजे वाराणसी से रवाना होने का प्रस्ताव

प्रस्तावित समय-सारिणी के मुताबिक, स्लीपर वंदे भारत वाराणसी कैंट से रात 9:20 बजे रवाना हो सकती है। इसके बाद ट्रेन करीब 10:45 बजे प्रयागराज और रात 12:35 बजे कानपुर सेंट्रल पहुंचने का प्रस्ताव है। इसके बाद ट्रेन सुबह करीब 5 बजे नई दिल्ली पहुंच सकती है।

वापसी दिशा में नई दिल्ली से ट्रेन रात 9:20 बजे रवाना होकर सुबह करीब 5 बजे वाराणसी पहुंचने का प्रस्ताव है। हालांकि, ये समय अभी प्रस्तावित हैं। ट्रायल रन और परिचालन से जुड़ी मंजूरियों के बाद समय-सारिणी में बदलाव किया जा सकता है।

160 किलोमीटर प्रति घंटे तक हो सकती है रफ्तार

प्रस्तावित स्लीपर वंदे भारत को 130 से 160 किलोमीटर प्रति घंटे तक की रफ्तार से चलाने की योजना है। दिल्ली और वाराणसी के बीच रेल मार्ग की दूरी करीब 760 किलोमीटर है।

अगर ट्रेन को अधिकतम परिचालन गति पर चलाया जाता है, तो यात्रा का समय मौजूदा सेवाओं की तुलना में कम हो सकता है। हालांकि, ट्रेन की वास्तविक गति ट्रैक की क्षमता, सुरक्षा मानकों और संबंधित रूट पर चल रहे अपग्रेडेशन कार्य पर निर्भर करेगी।

रेलवे की ‘मिशन रफ्तार’ योजना के तहत कई रेल मार्गों की गति बढ़ाने और बुनियादी ढांचे को अपग्रेड करने का काम किया जा रहा है। दिल्ली-प्रयागराज-वाराणसी रूट पर भी परिचालन गति का असर यात्रा समय पर पड़ेगा।

19 सितंबर 2026 का पूरा पंचांग: जानें आज की तिथि, व्रत-त्योहार, शुभ मुहूर्त और राहुकाल

16 कोच में 823 यात्रियों के लिए होगी जगह

प्रस्तावित स्लीपर वंदे भारत ट्रेन में कुल 16 कोच होंगे। इसमें करीब 823 यात्रियों के बैठने और सोने की क्षमता होगी। ट्रेन में 11 AC-3, 4 AC-2 और 1 फर्स्ट AC कोच शामिल किए जाने की योजना है।

स्लीपर वंदे भारत में लंबी दूरी के यात्रियों की जरूरत को ध्यान में रखते हुए आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराने पर जोर दिया गया है। ट्रेन के प्राथमिक रखरखाव की जिम्मेदारी उत्तर रेलवे के पास रहने की संभावना है।

हावड़ा-कामाख्या के बाद दूसरी स्लीपर वंदे भारत

दिल्ली-वाराणसी स्लीपर वंदे भारत देश की दूसरी स्लीपर वंदे भारत सेवा होगी। इससे पहले हावड़ा और कामाख्या के बीच स्लीपर वंदे भारत सेवा शुरू की जा चुकी है।

दिल्ली-वाराणसी सेवा के मामले में अभी ट्रेन नंबर, किराया और नियमित संचालन की अंतिम तारीख की आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है। ट्रायल रन और परिचालन से जुड़ी जरूरी मंजूरियों के बाद इन जानकारियों को अंतिम रूप दिया जा सकता है।

भारत-रूस की साझेदारी से तैयार हो रहे ट्रेनसेट

स्लीपर वंदे भारत ट्रेनसेट का निर्माण भारत और रूस के संयुक्त उद्यम के तहत किया जा रहा है। रेल विकास निगम लिमिटेड (RVNL) और रूस की कंपनी ट्रांसमाशहोल्डिंग (TMH) ने मिलकर किन्नेट रेलवे सॉल्यूशंस लिमिटेड का गठन किया है।

इस संयुक्त उद्यम के तहत महाराष्ट्र के मराठवाड़ा क्षेत्र स्थित कारखाने में 120 स्लीपर वंदे भारत ट्रेनसेट तैयार किए जाने की योजना है। प्रत्येक ट्रेनसेट में 16 कोच होंगे। इस परियोजना का उद्देश्य देश में आधुनिक, तेज और लंबी दूरी की स्लीपर ट्रेन सेवाओं को बढ़ावा देना है।

यह भी पढ़ें: झारखंड CM हेमंत सोरेन को हाईकोर्ट से नहीं मिली राहत, आज PMLA कोर्ट में होंगे पेश