कोलकाता: कोलकाता के नेताजी सुभाष चंद्र बोस इंटरनेशनल एयरपोर्ट हाई-सिक्योरिटी जोन में बुधवार को दो अलग-अलग घटनाओं ने सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए। जहां एक तरफ रनवे पर आवारा जानवर के आ जाने से बड़ा विमान हादसा होते-होते बचा, तो दूसरी तरफ एक यात्री द्वारा दी गई फ्लाइट हाईजैक की झूठी धमकी ने प्रशासन की नींद उड़ा दी। हालांकि, इस मामले में पायलटों की सूझबूझ एवं सुरक्षा एजेंसियों की त्वरित कार्रवाई से दोनों ही मामलों में किसी तरह की जनहानि नहीं हुई।
कोलकाता के नेताजी सुभाष चंद्र बोस अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर बड़ा हादसा टला
दरअसल, पश्चिम बंगाल के कोलकाता स्थित नेताजी सुभाष चंद्र बोस अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर बुधवार की सुबह एयर इंडिया की एक फ्लाइट को हाईजैक करने की धमकी मिलने से एयरपोर्ट पर अफरा-तफरी मच गई। इस मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सोदपुर निवासी एक यात्री को गिरफ्तार किया है। पूछताछ के बाद खुलासा हुआ कि आरोपी को काम के सिलसिले में उसकी मर्जी के खिलाफ एक अफ्रीकी देश भेजा जा रहा था और वह अपनी कैंसर से जूझ रही पत्नी को अकेला छोड़कर विदेश नहीं जाना चाहता था। इसी उद्देश्य को लेकर उसने इस विदेश यात्रा को रोकने का प्लांन करके उसने हाईजैक की झूठी साजिश रची थी।
रनवे पर जानवर के आने से IndiGo की फ्लाइट को डायवर्ट किया गया
वहीं दूसरी ओर इसी दिन पश्चिम बंगाल के कोलकाता स्थित नेताजी सुभाष चंद्र बोस अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर रनवे पर जानवर दिखाई देने से विमान परिचालन प्रभावित हो गया। सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए चेन्नई से कोलकाता आ रही IndiGo की एक फ्लाइट को डायवर्ट कर दिया गया। विमान को दुर्गापुर के अंडाल एयरपोर्ट पर सुरक्षित उतारा गया। दरअसल, बुधवार शाम को कोलकाता से रांची जाने वाली IndiGo की एक फ्लाइट टेकऑफ की तैयारी कर रही थी। इसी दौरान विमान के पायलट ने रनवे पर एक जानवर को घूमते हुए देखा। पायलट ने तुरंत एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) को इसकी सूचना दी। जिसके बाद विमान ने शाम करीब 6:35 बजे अंडाल एयरपोर्ट पर सुरक्षित लैंडिंग की। बाद में विमान में ईंधन भरने के बाद उसे रात करीब 10 बजे कोलकाता लाया गया।