हरियाणा: कैथल में आज एक बड़ा सड़क हादसा हो गया है। जहां सिसमौर गांव के पास तेज रफ्तार टाटा अल्ट्रोज कार अनियंत्रित होकर नहर की पुलिया से जा टकराई टक्कर इतनी जोरदार हुई की कार में सवार 3 युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि अन्य 4 युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।

हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने पुलिस को मामले की सूचना दी। सूचना के आधार पर पुलिस मौके पर पहुंची और मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने घायलों को स्थानीय अस्पताल में भर्ती करवा दिया है। फिलहाल पुलिस हादसे की जांच में जुटी है।

हादसे में 3 युवकों की मौत

इस सड़क हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान 22 वर्षीय अजय कुमार, 20 वर्षीय नवदीप और 32 वर्षीय प्रदीप कुमार के रूप में हुई है। इसके साथ ही घायलों की पहचान साहिल, नरेंद्र, गौरव और अर्जुन के रूप में हुई है। सभी घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

कार के उड़े परखच्चे

दरअसल कार की रफ्तार इतनी तेज थी कि वह अपना संतुलन खो बैठी। जैसे ही कार गांव सिसमौर के पास पहुंची वहां नहर की पुलिया से जा टकराई। टक्कर लगते ही कार के परखच्चे उड़ गए। हादसे के दौरान स्थानीय लोग घटनास्थल पहुंचे। लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। जब तक पुलिस पहुंची स्थानीय लोगों ने घायलों की मदद की।

2 मृतक परिवार के थे इकलौते सहारे

इस हादसे ने कई परिवारों को गहरे सदमे में डाल दिया है। रिपोर्ट के मुताबिक, अजय कुमार और प्रदीप कुमार अपने परिवारों के इकलौते कमाने वाले सदस्य थे। अजय गांव में सैलून चलाता था, जबकि प्रदीप शादीशुदा था और उसके दो बच्चे हैं। तीन युवकों की मौत से गांव करोड़ा में शोक का माहौल है।

घायलों का अस्पताल में चल रहा इलाज

हादसे में घायल चारों युवकों का अस्पताल में उपचार जारी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। हादसे के कारणों और परिस्थितियों को लेकर विस्तृत जानकारी सामने आने का इंतजार है।