नई दिल्ली: महादेव ऑनलाइन सट्टेबाजी ऐप मामले में केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 6 राज्यों में 33 ठिकानों पर छापेमारी की है। यह कार्रवाई अवैध ऑनलाइन सट्टेबाजी प्लेटफॉर्म से जुड़े पैनल ऑपरेटरों और उनके नेटवर्क को निशाना बनाकर की गई। जांच एजेंसी ने हाल के दिनों में ये तलाशी अभियान चलाए हैं।

CBI ने छापेमारी के दौरान डिजिटल उपकरण एवं आपत्तिजनक दस्तावेज जब्त किए 

सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, ओमान से भारत लाए गए मामले के मुख्य आरोपी और ऐप के प्रमुख प्रमोटर सौरभ चंद्राकर से पूछताछ के दौरान मिली जानकारियों के आधार पर यह कार्रवाई की गई। तलाशी के दौरान कई जगहों पर लाइव ऑनलाइन सट्टेबाजी और जुए के पैनल सक्रिय पाए गए, जिन्हें बाद में बंद कराया गया। CBI ने इस छापेमारी के दौरान मोबाइल फोन, डिजिटल उपकरण और आपत्तिजनक दस्तावेज जब्त किए हैं। इस मामले की जांच में कथित तौर पर फर्जी बैंक खातों के साथ ही हवाला नेटवर्क के जरिए सट्टेबाजी से अर्जित रकम को दूसरे देशों में भेजने की जानकारी सामने आई है।

महादेव APP का संचालन विदेश स्थित मुख्य नेटवर्क के जरिए किया जाता

दरअसल, महादेव ऐप का संचालन विदेश स्थित मुख्य नेटवर्क के जरिए किया जाता था और भारत में पैनल ऑपरेटरों के माध्यम से ग्राहकों की आईडी बनाई जाती थीं। इसके साथ ही सट्टेबाजी की रकम दूसरे लोगों के नाम पर खोले गए बैंक खातों में जमा कराई जाती थी।इस मामले में हवाला नेटवर्क के जरिए रकम को विदेश भेजने का आरोप है। इस मामले में CBI अब फरार आरोपियों, सहयोगियों और सरकारी कर्मचारियों की संभावित भूमिका की जांच कर रही है।

यह प्लेटफॉर्म विदेश से एक हेड ऑफिस के ज़रिए चलाया जाता था

ऑनलाइन बेटिंग प्लेटफॉर्म महादेव ऑनलाइन बुक APP के मामले में सौरभ चंद्राकर को ओमान से भारत लाए जाने के बाद CBI ने गिरफ्तार किया था। बाद में 13 नवंबर को प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने भी मनी लॉन्ड्रिंग मामले में उसे गिरफ्तार किया और अदालत से 19 नवंबर तक 8 दिनों की हिरासत में रखने की अपील की। CBI ने छत्तीसगढ़ राज्य सरकार से ट्रांसफर होने के बाद महादेव ऑनलाइन बुक में दो FIR दर्ज की हैं। अब तक की जांच से पता चला है कि यह प्लेटफॉर्म विदेश से एक हेड ऑफिस के ज़रिए चलाया जाता है और भारत में पैनल ऑपरेटरों के एक बड़े नेटवर्क के ज़रिए काम करता है। इस मामले में  APP के पैनल ऑपरेटर्स के ठिकानों पर 6 राज्यों में 33 जगहों पर तलाशी की जा रही है । इसके साथ ही जांच  के आगे के कार्रवाई अभी जारी है।