Harshal Patel Trade in GT: इंडियन प्रीमियर लीग 2027 की रिटेंशन लिस्ट 17 नवंबर को जारी होनी है, लेकिन उससे पहले सनराइजर्स हैदराबाद और गुजरात टाइटंस के बीच एक बड़ा ट्रेड हो सकता है।

ऑरेंज आर्मी के स्टार मीडियम पेसर हर्षल पटेल आईपीएल 2027 से पहले गुजरात टाइटंस में जा सकते हैं। इस अनुभवी पेसर ने आईपीएल इतिहास में दो बार पर्पल कैप पर कब्जा किया है और इनका यह अनुभव अगले साल जीटी की गेंदबाजी को और मजबूत कर सकता है।

हर्षल को मिल सकते हैं 4 करोड़

गुजरात टाइटंस हर्षल पटेल के लिए 4 करोड़ रुपये देने को तैयार हो गया है। क्रिकइन्फो की रिपोर्ट के मुताबिक, एसआरएच पूरी तरह से कैश ट्रेड के लिए मान गया है, जिसमें जीटी हर्षल को INR 4 करोड़ में खरीदेगा, जो 2025 के मेगा ऑक्शन में उन्हें खरीदी गई कीमत का आधा है।

इसके हिसाब से, जीटी के ऑक्शन पर्स से 4 करोड़ कम कर दिए जाएंगे। ट्रेड फाइनल होने के बाद, जीटी पांचवीं फ्रेंचाइजी होगी जिसे हर्षल रिप्रेजेंट करेंगे, 2012 में आईपीएल डेब्यू करने के बाद से, वे इससे पहले रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB), दिल्ली कैपिटल्स (DC), पंजाब किंग्स (PBKS) और हाल ही में एसआरएच के लिए पिछले दो सीजन खेल चुके हैं।

आधी कीमत में जाएंगे हर्षल

सनराइजर्स हैदराबाद ने आईपीएल 2025 मेगा ऑक्शन में हर्षल पटेल को 8 करोड़ रुपये में खरीदा था, और उन्होंने उस सीजन 13 मैचों में 16 विकेट लिए थे। हालांकि, उनका इकॉनमी रेट 9.80 का था।

वहीं, 2026 में उनको अधिक चांस नहीं मिले, क्योंकि अनकैप्ड प्लेयर प्रफुल्ल हिंगे और साकिब हुसैन का प्रदर्शन हैदराबाद के लिए शानदार रहा था। जहां इन दोनों युवाओं ने कमाल का प्रदर्शन किया तो हर्षल ने खेले पांच मैचों में एक भी विकेट नहीं लिया और इकॉनमी रेट इस दौरान 10.82 प्रति ओवर था।

हर्षल में थी जीटी की दिलचस्पी

अगर देखा जाए तो गुजरात टाइटंस काफी लंबे समय से हर्षल पटेल को खरीदना चाहती थी लेकिन हर बार वह इससे चूक जाया करती थी। अब आईपीएल 2027 से पहले जीटी मैनेजमेंट की यह ख्वाहिश पूरी होती लग रही है।

साल 2024 में जीटी ने हर्षल के लिए 10.5 करोड़ की बोली लगाई थी, लेकिन अंत में पंजाब किंग्स ने 11.75 करोड़ की बोली लगाकर हर्षल को खरीद लिया।

इसके बाद मेगा ऑक्शन में जीटी ने हर्षल के लिए 6.5 करोड़ रुपये की बोली लगाई, लेकिन इससे आगे वह नहीं जा सके। लेकिन अब जीटी की यह मुराद पूरी होती नजर आ रही है। ऐसे में देखना दिलचस्प होगा कि हर्षल अपनी नई फ्रेंचाइजी के लिए कैसा प्रदर्शन करेंगे।

ये भी पढ़ें- कुलदीप यादव को लेकर अभिनव मुकुंद का बड़ा बयान, LSG के खेमे में मची हलचल!