कांग्रेस सांसद मनीष तिवारी ने संसद के शीतकालीन सत्र को लेकर केंद्र सरकार की कार्यशैली पर सवाल खड़े किए हैं,उन्होंने केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू से मांग की है कि संसद का नियमित शीतकालीन सत्र बुलाया जाए, उनका कहना है कि विशेष सत्र के नाम पर संसद की बैठक कराना नियमित सत्र का विकल्प नहीं हो सकता।
मनीष तिवारी ने सोशल मीडिया के जरिए अपनी बात रखते हुए कहा कि संसद का नियमित शीतकालीन सत्र बुलाने का समय आ गया है, उन्होंने सरकार के फैसले पर आपत्ति जताते हुए कहा कि विशेष सत्र का इस्तेमाल दो नियमित सत्रों के बीच जरूरत पड़ने पर संसद की बैठक बुलाने के लिए किया जाता है। इसे शीतकालीन सत्र की जगह इस्तेमाल करना सही नहीं है।
सरकार से मनीष तिवारी ने पूछे सवाल
कांग्रेस सांसद ने सवाल किया कि आखिर केंद्र सरकार नियमित शीतकालीन सत्र बुलाने से क्यों बच रही है? उन्होंने कहा कि सरकार के पास सदन में कामकाज कराने के लिए कई विकल्प मौजूद हैं। अगर पहले कुछ विधेयक पारित नहीं हो पाए थे, तो उन्हें दोबारा सदन में लाया जा सकता है। ऐसे में नियमित सत्र बुलाने में क्या दिक्कत है?
This request mocks the institution of Parliament. It is time for the Winter Session of Parliament to convene. A Special Session is a mechanism for convening during the inter-session period. It can and should not become a substitute for a regular winter session. Why not just convene a regular winter session and the government can if the government chooses too , it can always regurgitate defeated legislation. @KirenRijiju
— Manish Tewari (@ManishTewari) November 26, 2026
किरेन रिजिजू ने दी संसद की बैठक दोबारा बुलाने की जानकारी
दरअसल, केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने हाल ही में लोकसभा और राज्यसभा की बैठक दोबारा बुलाने को लेकर जानकारी साझा की थी, उन्होंने बताया था कि सरकार ने लोकसभा अध्यक्ष और राज्यसभा के सभापति से दोनों सदनों की कार्यवाही फिर से शुरू करने का अनुरोध किया है।
प्रस्ताव के मुताबिक, लोकसभा की बैठक 30 नवंबर 2026 (सोमवार) और राज्यसभा की बैठक 2 दिसंबर 2026 (बुधवार) को बुलाई जा सकती है। इन बैठकों का मकसद जरूरी सरकारी कामकाज पूरा करना बताया गया है।
3 दिसंबर को समाप्त हो सकता है सत्र
किरेन रिजिजू के मुताबिक, दोनों सदनों की बैठक कामकाज की जरूरत और परिस्थितियों को ध्यान में रखकर आयोजित की जाएगी, उन्होंने यह भी बताया कि संसद का सत्र 3 दिसंबर 2026 को समाप्त हो सकता है।
सरकार की इस घोषणा के बाद मनीष तिवारी ने नियमित शीतकालीन सत्र की मांग दोहराई है। अब इस मुद्दे पर सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच राजनीतिक बहस बढ़ने की संभावना है।