सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में भारतीय तेज गेंदबाज जयदेव उनादकट ने अपने बल्ले से ऐसा कारनामा किया है, जिसने T20 क्रिकेट के इतिहास में नया रिकॉर्ड दर्ज कर दिया है। उन्होंने नंबर-11 पर बल्लेबाजी करते हुए 26 गेंदों में 40 रन की पारी खेली और इस क्रम पर T20 में सबसे बड़ी व्यक्तिगत पारी खेलने वाले बल्लेबाज बन गए।

92 रन पर 9 विकेट गंवाने के बाद उनादकट ने संभाली पारी

गुरुवार को सौराष्ट्र और तमिलनाडु के बीच खेले गए मुकाबले में सौराष्ट्र की टीम मुश्किल स्थिति में पहुंच गई थी। टीम ने महज 92 रन के स्कोर पर अपने 9 विकेट गंवा दिए थे। ऐसे समय में आखिरी बल्लेबाज के रूप में उतरे जयदेव उनादकट ने 26 गेंदों में 40 रन बनाकर टीम को अच्छे स्कोर तक पहुंचाने की कोशिश की। उनकी इस पारी ने T20 क्रिकेट में नया विश्व रिकॉर्ड कायम कर दिया।

डैनी ब्रिग्स का 6 साल पुराना रिकॉर्ड टूटा

उनादकट से पहले टी20 क्रिकेट में नंबर-11 पर सबसे बड़ी पारी खेलने का रिकॉर्ड इंग्लैंड के डैनी ब्रिग्स के नाम था। उन्होंने बिग बैश लीग 2020 में एडिलेड स्ट्राइकर्स की ओर से खेलते हुए 18 गेंदों में 35 रन बनाए थे। अब करीब छह साल बाद जयदेव उनादकट ने 40 रन की पारी खेलकर इस रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया है।

T20 में नंबर-11 पर सबसे बड़ी पारियां

 जयदेव उनादकट (भारत) – 26 गेंद में 40 रन
 डैनी ब्रिग्स (इंग्लैंड) – 18 गेंद में 35 रन
 डोमिनिक ड्रेक्स (वेस्टइंडीज) – 14 गेंद में 34 रन, सेंट किट्स एंड नेविस पैट्रियट्स  

ये भी पढ़ें- CSK के स्टार स्पिनर की सुपर जायंट्स में हुई एंट्री, नए सीजन में मचाएगा धमाल 

224 T20 मैचों में 271 विकेट ले चुके हैं उनादकट

जयदेव उनादकट के T20 करियर की बात करें तो वे अब तक 224 मुकाबले खेले हैं, जिनमें उनके नाम कुल 624 रन दर्ज हैं। इसमें एक पारी भी शामिल है। वहीं गेंदबाजी में उनका प्रदर्शन काफी प्रभावशाली रहा है। वह T20 क्रिकेट में अब तक 271 विकेट अपने नाम कर चुके हैं।

38 रन से हारी सौराष्ट्र की टीम मुकाबले की बात करें तो तमिलनाडु ने पहले बल्लेबाजी करते हुए तय 20 ओवर में 192 रन बनाए थे। इसके जवाब में सौराष्ट्र की टीम लगातार विकेट गंवाती रही। एक समय टीम का स्कोर 92 रन पर 9 विकेट था। उनादकट की 40 रन की पारी के बावजूद सौराष्ट्र की पूरी टीम 16.4 ओवर में 154 रन पर सिमट गई और उसे 38 रन से हार का सामना करना पड़ा।

लगातार तीन हार से सौराष्ट्र की मुश्किलें बढ़ेंगी

सौराष्ट्र ने टूर्नामेंट की शुरुआत लगातार चार जीत के साथ की थी, लेकिन इसके बाद टीम की लय बिगड़ गई। उसे अपने पिछले तीनों मुकाबलों में हार झेलनी पड़ी है। ऐसे में जयदेव उनादकट का व्यक्तिगत रिकॉर्ड तो चर्चा में रहा, लेकिन टीम को जीत नहीं दिला सका।

 

ये भी पढ़ें- दूसरे टेस्ट से भी बाहर होंगे मोहम्मद सिराज, बॉलिंग कोच ने दिया हिंट; शुभमन के फेवरेट को मिलेगा चांस! 

ये भी पढ़ें- मैच से पहले टीम को लगा बड़ा झटका, दो तेज गेंदबाज अचानक हुए चोटिल, सीरीज से बाहर