कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (EPFO) के करोड़ों सदस्यों के लिए अच्छी खबर है। जल्द ही नौकरीपेशा लोगों को अपने PF का पैसा निकालने के लिए लंबा इंतजार नहीं करना पड़ेगा। सरकार PF निकासी की प्रक्रिया को आसान बनाने के लिए UPI की सुविधा शुरू करने की तैयारी कर रही है। इस नई व्यवस्था के लागू होने के बाद कर्मचारी अपने PF का पैसा सीधे बैंक खाते में प्राप्त कर सकेंगे।

बिजनेस स्टैंडर्ड की एक रिपोर्ट के मुताबिक, EPFO UPI के जरिए PF निकालने के लिए कम से कम 1,000 रुपये की लिमिट तय करने पर विचार कर रहा है। इस सुविधा को दिसंबर 2026 के अंत तक शुरू करने का लक्ष्य रखा गया है। हालांकि, अभी तक EPFO की ओर से इसकी आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है।

क्यों रखी जा रही है ₹1,000 की न्यूनतम लिमिट?

UPI से PF निकालने के लिए न्यूनतम 1,000 रुपये की सीमा रखने के पीछे एक खास वजह है। अधिकारियों के मुताबिक, अगर निकासी की कोई न्यूनतम सीमा नहीं होगी तो कर्मचारी छोटी-छोटी रकम निकालने के लिए भी बार-बार इस सुविधा का इस्तेमाल कर सकते हैं।

इससे EPFO के सिस्टम पर ट्रांजैक्शन का दबाव बढ़ सकता है। इसी परेशानी से बचने के लिए कम से कम 1,000 रुपये की निकासी की शर्त रखने पर विचार किया जा रहा है।

UPI से PF निकासी की दो बार हो चुकी है टेस्टिंग

इस नई सुविधा को शुरू करने के लिए तकनीकी तैयारियां काफी हद तक पूरी हो चुकी हैं। अधिकारियों के मुताबिक, अलग-अलग यूजर ग्रुप के बीच दो चरणों में इसकी टेस्टिंग भी की जा चुकी है।

टेस्टिंग के दौरान सामने आई कई तकनीकी कमियों को दूर किया गया है। बताया जा रहा है कि कुछ लोगों ने ट्रायल के दौरान UPI के जरिए PF का पैसा निकालकर भी देखा है। हालांकि, EPFO के नए सॉफ्टवेयर प्लेटफॉर्म पर शिफ्ट होने के दौरान कुछ तकनीकी समस्याएं सामने आ रही हैं। इन्हें ठीक करने का काम जारी है।

कब से मिलेगी UPI से PF निकालने की सुविधा?

रिपोर्ट के अनुसार, EPFO इस सुविधा को दिसंबर 2026 के अंत तक शुरू कर सकता है। हालांकि, अभी तक इसकी तारीख को लेकर कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।

अगर तय समय पर यह सुविधा शुरू हो जाती है तो PF खाताधारकों को पैसे निकालने के लिए पहले की तरह लंबी प्रक्रिया से नहीं गुजरना पड़ेगा। वे UPI के जरिए आसानी से अपने बैंक खाते में पैसा मंगवा सकेंगे।

मार्च 2025 में सामने आया था यह प्लान

UPI के जरिए PF निकासी की योजना पर मार्च 2025 से काम चल रहा है। उस समय इस प्रस्ताव पर चर्चा हुई थी। इसके बाद अक्टूबर 2025 में हुई बोर्ड बैठक में EPFO की डिजिटल सेवाओं को बेहतर बनाने के लिए नए फ्रेमवर्क को मंजूरी दी गई।

इसका मकसद PF क्लेम की प्रक्रिया को तेज करना, कर्मचारियों को जल्द पैसा उपलब्ध कराना और ऑनलाइन सेवाओं को पहले से ज्यादा आसान बनाना है।

आखिर क्यों हो रही है सुविधा शुरू होने में देरी?

UPI से PF निकासी के लिए जरूरी तकनीकी काम और API तैयार करने की प्रक्रिया पूरी की जा चुकी है। इसके अलावा बैंकिंग और पेमेंट सिस्टम के साथ इसे जोड़ने पर भी काम हुआ है।

शुरुआत में उम्मीद थी कि यह सुविधा इससे पहले ही शुरू हो जाएगी, लेकिन तकनीकी एकीकरण और लगातार टेस्टिंग के कारण इसमें देरी हुई। इसके साथ ही नए सॉफ्टवेयर प्लेटफॉर्म पर माइग्रेशन भी एक बड़ी वजह माना जा रहा है।

ये भी पढ़ें- क्या है Google का Mirror Dimension? जानिए कैसे काम करता है इंटरनेट का यह नकली वर्जन

BHIM ऐप के जरिए सीधे खाते में आएगा PF का पैसा

नई सुविधा शुरू होने के बाद कर्मचारी BHIM ऐप के जरिए UPI का इस्तेमाल करके PF की निकासी कर सकेंगे। निकाली गई रकम सीधे उनके बैंक खाते में पहुंचेगी।

इससे कर्मचारियों को PF का पैसा पाने के लिए लंबे समय तक इंतजार नहीं करना पड़ेगा। कुल मिलाकर, यह सुविधा लागू होने पर PF निकासी की प्रक्रिया पहले से ज्यादा तेज और आसान हो सकती है। हालांकि, इसके नियमों और शुरुआत की तारीख को लेकर EPFO की आधिकारिक घोषणा का इंतजार करना होगा। 

ये भी पढ़ें-  IPO GMP के प्रचार-प्रसार पर SEBI की सख्ती, निवेशकों को चेतावनी- 'ग्रे मार्केट प्रीमियम मुनाफे की गारंटी नहीं'

ये भी पढ़ें-   परिसीमन पर आर-पार की जंग: बीजेपी को कितना फायदा, क्यों मचा सियासी घमासान?