UP IPS Transfer: यूपी में 28 आईपीएस अधिकारियों के तबादले, नोएडा-गाजियाबाद समेत 4 पुलिस कमिश्नरेट के बदले कप्तान
लखनऊ: उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार ने शुक्रवार को पुलिस विभाग में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया है। शासन की ओर से जारी तबादला सूची में 28 आईपीएस अधिकारियों के कार्यक्षेत्र में बदलाव किया गया है। इस फेरबदल में नोएडा, गाजियाबाद, प्रयागराज और वाराणसी के पुलिस कमिश्नर बदल दिए गए हैं। इसके अलावा कई जिलों के एसएसपी, डीआईजी और एडीजी स्तर के अधिकारियों को भी नई जिम्मेदारी सौंपी गई है।
इस बदलाव के तहत कुछ अधिकारियों के पुराने तबादला आदेश निरस्त करते हुए उन्हें नई तैनाती दी गई है। पुलिस विभाग में हुए इस फेरबदल को प्रदेश की कानून-व्यवस्था और प्रशासनिक व्यवस्था में महत्वपूर्ण बदलाव के तौर पर देखा जा रहा है।
नोएडा और गाजियाबाद के पुलिस कमिश्नर बदले
गौतमबुद्धनगर (नोएडा) की पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह को गाजियाबाद का पुलिस कमिश्नर बनाया गया है। वहीं, गाजियाबाद के पुलिस कमिश्नर जे. रविंदर गौड़ को गौतमबुद्धनगर की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इस तरह दोनों पुलिस कमिश्नरेट के प्रमुख अधिकारियों की अदला-बदली की गई है।
यह भी पढ़ें: मोदी कैबिनेट का बड़ा फैसला: परिसीमन बिल में बदलावों को मंजूरी, DMK की शर्तों पर सरकार ने दिखाई सहमति; 2051 तक लागू रहेगा नया फॉर्मूला
प्रयागराज और वाराणसी को मिले नए पुलिस कमिश्नर
वाराणसी के पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल को प्रयागराज पुलिस कमिश्नरेट का नया पुलिस कमिश्नर बनाया गया है। वहीं, प्रयागराज के पुलिस कमिश्नर पीयूष मोर्डिया को लखनऊ स्थित पुलिस मुख्यालय में एडीजी (स्थापना) की जिम्मेदारी दी गई है।
लखनऊ परिक्षेत्र में आईजी के पद पर तैनात किरण एस. को वाराणसी का नया पुलिस कमिश्नर नियुक्त किया गया है।
एडीजी और डीआईजी स्तर पर भी फेरबदल
एडीजी स्तर पर रमित शर्मा को लखनऊ जोन का एडीजी बनाया गया है। वह इससे पहले बरेली जोन में तैनात थे। वहीं, प्रवीण कुमार को लखनऊ जोन से हटाकर बरेली जोन की जिम्मेदारी दी गई है।
डीआईजी स्तर पर भी कई महत्वपूर्ण बदलाव किए गए हैं। प्रभाकर चौधरी को लखनऊ परिक्षेत्र, अभिषेक सिंह को आगरा परिक्षेत्र, शैलेश कुमार पांडेय को अलीगढ़ परिक्षेत्र और आशीष तिवारी को सहारनपुर परिक्षेत्र का डीआईजी बनाया गया है।
अयोध्या और मुरादाबाद के SSP भी बदले
जिलों में तैनात वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के कार्यक्षेत्र में भी बदलाव किया गया है। अयोध्या के एसएसपी डॉ. गौरव ग्रोवर को मुरादाबाद भेजा गया है। वहीं, मुरादाबाद के एसएसपी सतपाल को अयोध्या की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
इसके अलावा गौतमबुद्धनगर में डीसीपी के पद पर तैनात सुमनित को पुलिस महानिदेशक मुख्यालय, लखनऊ में एसपी बनाया गया है।
यह भी पढ़ें: UP Election 2027: बीएसपी के गढ़ से बीजेपी की हैट्रिक की ओर; जानिए जेवर विधान सभा का पूरा समीकरण
इन अधिकारियों को भी मिली नई जिम्मेदारी
तबादला सूची के तहत कई अन्य अधिकारियों को भी अलग-अलग पुलिस इकाइयों में तैनाती दी गई है।
- दिनेश त्रिपाठी को डीसीपी, प्रयागराज पुलिस कमिश्नरेट बनाया गया है।
- कुलदीप सिंह गुनावत को डीसीपी, कानपुर नगर की जिम्मेदारी मिली है।
- आकाश तोमर को एसपी, पुलिस अकादमी मुरादाबाद बनाया गया है।
- अमित कुमार को एसपी, आर्थिक अपराध अनुसंधान संगठन (EOW) भेजा गया है।
- नरेंद्र कुमार सिंह को एसपी, पीटीसी सीतापुर बनाया गया है।
- डॉ. अनिल कुमार पांडेय को एसपी, कारागार प्रशासन एवं सुधार सेवाएं की जिम्मेदारी मिली है।
- त्रिभुवन सिंह को एसपी, जीआरपी मुख्यालय बनाया गया है।
- राजेश कुमार श्रीवास्तव को एसपी, अभिसूचना मुख्यालय में तैनाती दी गई है।
- सुशील कुमार शुक्ला को पीटीएस गोरखपुर भेजा गया है।
- अजीत कुमार सिन्हा को यूपी पावर कॉरपोरेशन में नई जिम्मेदारी मिली है।
- प्रीति यादव को 15वीं वाहिनी पीएसी, आगरा का सेनानायक बनाया गया है।
तीन अधिकारियों के पुराने तबादले निरस्त
इस फेरबदल में तीन अधिकारियों के पूर्व में जारी तबादला आदेश भी निरस्त किए गए हैं। पुनीत द्विवेदी को लखनऊ से गाजियाबाद में एडीसीपी बनाया गया है। नीतू को गौतमबुद्धनगर के बजाय लखनऊ पुलिस कमिश्नरेट में एडीसीपी की जिम्मेदारी दी गई है। वहीं, अमित कुमावत को गाजियाबाद के बजाय आगरा पुलिस कमिश्नरेट में एडीसीपी बनाया गया है।
इस प्रशासनिक फेरबदल के जरिए प्रदेश के प्रमुख पुलिस कमिश्नरेट, परिक्षेत्रों और पुलिस इकाइयों में अधिकारियों की नई तैनाती की गई है।
यह भी पढ़ें: UP Election 2027: आगरा की 9 विधानसभा सीटों पर BJP का कब्जा, क्या 2027 में आगरा उत्तर में फिर से वापस लौटेगी बीजेपी