टीएनपी न्यूज़
होम / देश
देश

तिरुपति मंदिर में भक्त का महादान! हीरे और रत्न से जड़े 121 किलो सोने के आभूषण किए दान, कीमत जान हो जाएंगे हैरान

MADHVI TANWAR · 27 नवम्बर 2026
तिरुपति मंदिर में भक्त का महादान!

tirupati temple: कहते हैं कि इंसान की कोई मनोकामना पूरी होती है, तो वह अपनी इच्छा और सामर्थ्य के हिसाब से प्रसन्न होकर भगवान को कुछ न कुछ उपहार या भेंट जरूर देता है। आंध्र प्रदेश के तिरुमला में स्थित तिरुपति बालाजी के मंदिर में भी आस्था का ऐसा ही अद्भुत नजारा देखने को मिला। जहां भगवान वेंकटेश्वर स्वामी को चेन्नई के एक भक्त ने 121 किलो सोने के आभूषण दान किए है। इन आभूषणों की कीमत 200 करोड़ से ज्यादा बताई जा रही है। इस खास मौके पर भक्त के द्वारा दिए गए दान के समय उनका परिवार और मुख्यमंत्री एन चंद्रबाबू नायडू भी मौजूद थे।

आगम शास्त्र' की परंपराओं से तैयार किए आभूषण

चेन्नई के दंपति वर्धमान और राधिका जैन ने तिरुमाला में भगवान वेंकटेश्वर स्वामी को 121 किलोग्राम हीरे जड़े सोने के आभूषण भेंट कर सभी का ध्यान अपनी तरफ खींच लिया है। इन आभूषणों की कीमत 200 करोड़ से ज्यादा है। इन आभूषणों को खास तरीके से डिजाइन किया गया है। इसमें कीमती रत्न और हीरे का भी इस्तेमाल किया गया है।

इस भव्य संग्रह में 'आगम शास्त्र' की परंपराओं के अनुसार आभूषण तैयार किए गए हैं। जिसमें सोने का मुकुट, 'पद्म पादालु', कमरबंद, शंख और चक्र के प्रतीक शामिल हैं। इसे तिरूमला तिरूपति देवस्थानम के इतिहास में सबसे बड़े और विशेष दानों में से एक माना जा रहा है। इसी के साथ TTD ने राज्य के 5,000 मंदिरों को सहयोग देने और शिक्षा, स्वास्थ्य व अन्नदान में बड़े कदम उठाने का ऐलान किया।

यह भी पढ़ें: पंचांग 27 नवंबर 2026: कृष्ण पक्ष की तृतीया तिथि, जानें शुभ मुहूर्त और राहुकाल

रांगनायकुला मंडपम में रखे स्वर्ण आभूषण

दान का पूरा कार्यक्रम आंध्र प्रदेश के सीएम चंद्रबाबू नायडू की मौजूदगी में संपन्न हुआ। दंपति और उनके परिवार ने मंदिर में दर्शन करने के बाद इन बहुमूल्य आभूषणों को श्रद्धापूर्वक भगवान को भेंट किए। दर्शन के बाद सीएम ने दान देने वाले परिवार से रांगनायकुला मंडपम में रखे गए स्वर्ण आभूषणों का देखा। यहां 46 आभूषण दिखाए गए हैं। सीएम ने दानदाता परिवार की सराहना करते हुए श्रद्धा और भक्ति का उदाहरण बताया।

TTD द्वारा दी गई जानकारी

परिवार ने परंपरागत रीति से आभूषणों की थालियां सिर पर रखीं और ध्वजस्तंभ की परिक्रमा करते हुए गर्भगृह तक पहुंचे। वहां उन्होंने आभूषण भगवान वेंकटेश्वर के समक्ष रखकर पूजा-अर्चना की। TTD द्वारा इस भेंट को लेकर दी गई जानकारी के मुताबिक 24 कैरेट का 121 किलो सोना इस्तेमाल किया गया है।

इनमें 106 किलो सोना तिरुमला मंदिर के लिए 46 आभूषण बनाने में इस्तेमाल हुआ और बाकी 15 किलो सोना तिरुचानूर स्थित श्री पद्मावती अम्मावारी मंदिर के लिए विशेष वस्त्र और धार्मिक सजावट में इस्तेमाल किया जाएगा। इन आभूषणों की कुल कीमत निर्माण लागत सहित 207.6 करोड़ रुपये आंकी गई है।

हीरे और बहुमूल्य रत्नों का इस्तेमाल

सोने के इन आभूषणों को और ज्यादा आकर्षक बनाने के लिए कीमती रत्नों का भी उपयोग किया गया है। इन आभूषणों में 238.2 कैरेट हीरे जड़े हैं। इसके अलावा 2,247.7 कैरेट अन्य कीमती पत्थर, 91.6 कैरेट ब्लू सैफायर, 84.2 कैरेट येलो सैफायर तथा करीब 2.9 किलो रूबी और पन्ना लगा हैं। इनमें शालिग्राम पत्थरों का भी उपयोग किया गया है।

मुकुट से लेकर हार और कवच

दान में दिए गए आभूषणों में मुकुट, स्वर्ण हार, तुलसी पत्र पुष्पम, अष्टोत्तर शतनाम हार, चतुर्भुज लक्ष्मी हार, शालिग्राम हार, नागाभरण, कमरबंद, कंगन, बाजूबंद, कानों के आभूषण, स्वर्ण पुष्प, पाद कवच, शंख कवच और चक्र कवच जैसे कई विशेष धार्मिक आभूषण शामिल हैं।

कुल मिलाकर 33 प्रकार के 46 आभूषण भगवान वेंकटेश्वर की सेवा और श्रृंगार के लिए समर्पित किए गए हैं। मंदिर प्रशासन का मानना है कि यह दान सिर्फ आर्थिक दृष्टि से ही नहीं बल्कि धार्मिक आस्था और समर्पण के लिहाज से भी बेहद महत्वपूर्ण है।

 

यह भी पढ़ें: राशिफल 27 नवंबर 2026: शुक्रवार को मां लक्ष्मी की कृपा से चमकेगी 5 राशि की किस्मत, जानें किसे मिलेगा धन और तरक्की?