Noida Chhath Puja 2026: नोएडा में छठ पूजा का असर, कालिंदी कुंज और कुलेसरा जाने वाले रास्तों पर डायवर्जन
Noida Traffic Diversion for Chhath Puja 2026: नोएडा में छठ पूजा का असर, कालिंदी कुंज और कुलेसरा जाने वाले रास्तों पर डायवर्जनNoida Traffic Advisory: नोएडा में छठ पूजा के चलते रविवार और सोमवार को घर से निकलने वाले लोगों को रास्तों को लेकर सावधानी बरतनी होगी। शहर में 15 और 16 नवंबर को कई प्रमुख मार्गों पर यातायात व्यवस्था बदली गई है। छठ महापर्व के अवसर पर कालिंदी कुंज में यमुना नदी और कुलेसरा में हिंडन नदी के किनारे बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। इसके अलावा नोएडा के 21 सार्वजनिक स्थानों पर भी छठ पूजा का आयोजन हो रहा है।
श्रद्धालुओं की भीड़ के कारण जाम की स्थिति न बने, इसके लिए नोएडा ट्रैफिक पुलिस ने दो दिनों का रूट डायवर्जन प्लान लागू किया है। खास तौर पर कालिंदी कुंज और हिंडन घाट की तरफ जाने वाले रास्तों पर वाहनों को वैकल्पिक मार्गों से निकाला जाएगा। डीसीपी ट्रैफिक सैय्यद अली अब्बास के मुताबिक, जरूरत पड़ने पर हल्के, मध्यम और भारी मालवाहक वाहनों के रास्तों में भी बदलाव किया जाएगा।
कालिंदी कुंज जाने वाले इन रास्तों पर रहेगा डायवर्जन
नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे से कालिंदी कुंज की तरफ जाने वाले वाहन चालकों को चरखा गोलचक्कर से दलित प्रेरणा स्थल की ओर भेजा जाएगा। यहां से वाहन डीएनडी या चिल्ला बॉर्डर के रास्ते अपने गंतव्य तक पहुंच सकेंगे। वहीं, सेक्टर-37 से कालिंदी कुंज की ओर जाने वाले वाहनों को महामाया फ्लाईओवर के लूप से डायवर्ट किया जाएगा। इसके बाद वाहन दलित प्रेरणा स्थल की तरफ से डीएनडी या चिल्ला बॉर्डर का रास्ता अपना सकेंगे।
कुलेसरा और हिंडन घाट जाने वालों के लिए बदलेगा रास्ता
छठ पूजा के लिए कुलेसरा स्थित हिंडन नदी घाट पर पहुंचने वाले लोगों को भी रूट डायवर्जन का ध्यान रखना होगा। सूरजपुर से कुलेसरा और फेस-2 की ओर आने वाले वाहनों को कच्ची सड़क तिराहे से चौगानपुर गोलचक्कर की तरफ भेजा जाएगा। यहां से वाहन बिसरख गोलचक्कर होकर आगे जा सकेंगे। इसी तरह फेस-2 से हिंडन नदी घाट की तरफ जाने वाले वाहनों को ककराला की ओर डायवर्ट किया जाएगा। इसके बाद वाहन सोरखा और बिसरख गोलचक्कर के रास्ते अपने गंतव्य तक पहुंच सकेंगे।
किसान चौक और पर्थला गोलचक्कर पर भी रहेगी व्यवस्था
किसान चौक से पर्थला गोलचक्कर की तरफ जाने वाले वाहन चालकों को बिसरख की ओर भेजा जाएगा। इसके बाद वे सोरखा और पर्थला गांव के सामने एफएनजी मार्ग से आगे जा सकेंगे। दूसरी तरफ, पर्थला गोलचक्कर से किसान चौक की ओर जाने वाले वाहनों को सिग्नेचर ब्रिज के नीचे से सोरखा की तरफ डायवर्ट किया जाएगा। यहां से बिसरख होते हुए वाहन आगे निकल सकेंगे।
नोएडा के 21 पूजा स्थलों पर किए गए इंतजाम
कालिंदी कुंज और कुलेसरा के अलावा सेक्टर-21ए स्थित नोएडा स्टेडियम सहित शहर के 21 प्रमुख सार्वजनिक स्थानों पर छठ पूजा के आयोजन की तैयारी की गई है। नोएडा प्राधिकरण के अधिकारियों के अनुसार, पूजा स्थलों पर रोशनी, साफ-सफाई और सुरक्षा से जुड़ी जरूरी व्यवस्थाएं पूरी कर ली गई हैं। छठ पूजा के दौरान रविवार को डूबते सूर्य और सोमवार को उगते सूर्य को अर्घ्य दिया जाएगा। इस दौरान घाटों पर श्रद्धालुओं की आवाजाही बढ़ने की संभावना है। इसी को देखते हुए पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे पूजा स्थलों के आसपास के रास्तों पर जाने से बचें और जरूरत के अनुसार वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करें।
परेशानी होने पर इस नंबर पर करें संपर्क
यातायात से जुड़ी किसी भी समस्या या रास्ते की जानकारी के लिए नोएडा ट्रैफिक पुलिस ने हेल्पलाइन नंबर 9971009001 जारी किया है। वाहन चालक इस नंबर पर संपर्क कर सहायता ले सकते हैं। अगर आप इन दो दिनों में नोएडा से दिल्ली, ग्रेटर नोएडा या आसपास के इलाकों की ओर जाने की योजना बना रहे हैं, तो घर से निकलने से पहले अपने रास्ते की जानकारी जरूर कर लें। इससे छठ पूजा के दौरान लगने वाले जाम और अनावश्यक परेशानी से बचा जा सकता है।