टीएनपी न्यूज़
होम / स्वास्थ्य
स्वास्थ्य

टीबी के खिलाफ भारत की बड़ी कामयाबी, मौतों का आंकड़ा हुआ कम!

Geeta Sharma · 14 नवम्बर 2026
टीबी के खिलाफ भारत की बड़ी कामयाबी!

TB deaths WHO Report: भारत में टीबी (tuberculosis) की रोकथाम और इलाज के प्रयासों का सकारात्मक असर देखने को मिला है। विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) की नई रिपोर्ट के मुताबिक, साल 2015 के मुकाबले 2025 में भारत में टीबी से होने वाली मौतों में 38 फीसदी की कमी आई है। यह उपलब्धि बीमारी की समय पर पहचान, बेहतर इलाज और बड़े स्तर पर चलाए गए जांच अभियानों का नतीजा मानी जा रही है।

10 साल में घटा टीबी से मौतों का आंकड़ा

रिपोर्ट के अनुसार, साल 2015 में भारत में हर एक लाख लोगों पर टीबी से होने वाली मौतों का आंकड़ा करीब 28 था। जो 2025 में यह घटकर 18 रह गया। यानी एक दशक में टीबी से होने वाली मौतों में 38 फीसदी की गिरावट दर्ज की गई। वहीं, दुनियाभर में इसी अवधि के दौरान टीबी से होने वाली मौतें 35 फीसदी कम हुई हैं। रिपोर्ट में यह भी बताया गया है कि सामान्य दवाओं से इलाज कराने वाले टीबी मरीजों में सफलता की दर 94 फीसदी रही। बीमारी की जल्दी पहचान और समय पर दवाएं मिलने से मरीजों के ठीक होने की संभावना बढ़ी है।

25 करोड़ से ज्यादा लोगों की हुई जांच

टीबी की रोकथाम के लिए देशभर में बड़े स्तर पर जांच अभियान चलाया गया। स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक, 7 दिसंबर 2024 से 8 नवंबर 2026 के बीच 25 करोड़ से ज्यादा लोगों की जांच की गई। इस दौरान 11 करोड़ से अधिक छाती के एक्स-रे किए गए और करीब 48.64 लाख नए टीबी मरीजों की पहचान हुई।इस अभियान में ऐसे मरीज भी सामने आए, जिनमें बीमारी के स्पष्ट लक्षण नहीं थे। जांच के लिए कई जगह आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) आधारित एक्स-रे मशीनों का इस्तेमाल किया गया।

पोषण और जागरूकता पर भी जोर

टीबी मरीजों को इलाज के साथ पोषण संबंधी मदद भी दी जा रही है। निक्षय पोषण योजना के तहत मरीजों को खानपान के लिए आर्थिक सहायता मिलती है। वहीं, निक्षय मित्र पहल के जरिए लोग और संस्थाएं मरीजों की मदद कर रही हैं। इसके अलावा, निक्षय पोर्टल से मरीजों के इलाज की निगरानी की जाती है। गांवों में जागरूकता अभियान भी चलाए जा रहे हैं। रिपोर्ट के मुताबिक, 2025 में देश की 67,933 पंचायतों को टीबी मुक्त घोषित किया गया।

ये भी पढ़ें: 12वीं के बाद बदलेगा पढ़ाई का सिस्टम! इंटरमीडिएट खत्म करने की तैयारी, जानिए वजह