टीएनपी न्यूज़
होम / उत्तर प्रदेश चुनाव
उत्तर प्रदेश चुनाव

अखिलेश यादव ने ओवैसी-चंद्रशेखर के गठबंधन को बताया अच्छी पहल, बोले- भावनात्मक मुद्दों से हटकर उठेंगे जनता के सवाल

Shailesh Yadav · 14 नवम्बर 2026
अखिलेश यादव ने ओवैसी-चंद्रशेखर के गठबंधन को बताया अच्छी पहल

UP Elections 2027: उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले राजनीतिक समीकरण बदलने लगे हैं। AIMIM प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी और आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के अध्यक्ष चंद्रशेखर आजाद की ओर से बनाए गए 'सामाजिक परिवर्तन मोर्चा' पर समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने सकारात्मक प्रतिक्रिया दी है। शनिवार को पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने इस गठबंधन को अच्छी पहल बताया। अखिलेश ने कहा कि इससे चुनावी चर्चा भावनात्मक मुद्दों के बजाय बुनियादी सवालों पर केंद्रित होगी।

अखिलेश यादव ने कहा, "यह अच्छी बात है, क्योंकि लोग भावनाओं में बहकर वोट नहीं देंगे। बुनियादी सवाल उठेंगे। जिस तरह सरकार पीडीए समाज के खिलाफ नारेबाजी या भावनात्मक मुद्दों का इस्तेमाल करके वोट हासिल करती है, मुझे उम्मीद है कि यह गठबंधन सरकार को इन्हीं मुद्दों पर घेरने का काम करेगा।"

बीजेपी को 2-3 फीसदी वोटों का नुकसान होने का दावा
इससे पहले गुरुवार को अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर भी गठबंधन के गठन का स्वागत किया था। उन्होंने कहा था कि सामाजिक परिवर्तन जरूरी है, लेकिन वास्तविक सफलता तब मिलेगी, जब राजनीतिक परिवर्तन का मोर्चा भी सक्रिय होगा।

सपा प्रमुख ने कहा कि जो भी ताकतें सांप्रदायिक शक्तियों के खिलाफ लड़ते हुए पीडीए (पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक) समाज के कल्याण और उसके अधिकारों की आवाज उठाएंगी, समाजवादी पार्टी उनकी आवाज जनता तक पहुंचाने में सहयोग करेगी।

अखिलेश ने यह भी दावा किया था कि इस गठबंधन से विपक्ष को फायदा मिल सकता है। उन्होंने कहा कि भावनात्मक नारों और बहकावे में आकर सांप्रदायिक ताकतों को वोट देने वाले लोगों के सामने अब एक और विकल्प होगा। इससे बीजेपी को 2 से 3 फीसदी वोटों का अतिरिक्त नुकसान हो सकता है।

तीसरी ताकत बनने की तैयारी में ओवैसी-चंद्रशेखर
दरअसल, गुरुवार को असदुद्दीन ओवैसी और चंद्रशेखर आजाद ने 'सामाजिक परिवर्तन मोर्चा' बनाने का ऐलान किया था। इस दौरान ओवैसी ने चंद्रशेखर आजाद को गठबंधन का मुख्यमंत्री पद का चेहरा घोषित किया था। उन्होंने दावा किया कि यह मोर्चा उत्तर प्रदेश में बीजेपी को लगातार तीसरी बार सत्ता में आने से रोकने का काम करेगा।

तीसरे पक्ष की कठपुतली बनने पर अखिलेश की चेतावनी
अखिलेश यादव ने राजनीतिक मोर्चों को लेकर एक चेतावनी भी दी थी। उन्होंने कहा था कि केवल बयानबाजी और सुर्खियां बटोरने के लिए बनाए गए गठबंधन ज्यादा समय तक जनता को प्रभावित नहीं कर सकते। ऐसे मोर्चे तभी लोकतंत्र को मजबूत करेंगे, जब उनका उद्देश्य अपने समाज का वास्तविक कल्याण करना होगा, न कि किसी तीसरे पक्ष के इशारे पर राजनीति करना।

उन्होंने कहा कि जनता उन लोगों की सच्चाई समझती है, जिनका मकसद सिर्फ बयान देकर माहौल बनाना होता है। अगर कोई किसी दूसरे की राजनीति की कठपुतली बनता है तो जनता चुनाव में उसका जवाब देती है और उसकी जमानत तक जब्त करा सकती है। 

और पढे़ं: गोधरा ट्रेन अग्निकांड: पूर्व CBI का बड़ा दावा, पाकिस्तान से आते थे अमन गेस्ट हाउस में फोन; हिजबुल मुजाहिदीन के सदस्यों के ठहरने की भी कही बात